Ram Mandir: रामलला की दूसरी मूर्ति की तस्वीर आई सामने, श्याम के बाद इस विग्रह में दर्शन देंगे प्रभु

Ram Mandir: रामलला की दूसरी मूर्ति की तस्वीर आई सामने, श्याम के बाद इस विग्रह में दर्शन देंगे प्रभु

Ram Mandir: अयोध्या में भगवान राम के बाल स्वरूप की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा के बाद भगवान राम की एक और मूर्ति सामने आई है। सफेद रंग में नजर आने वाली इस मूर्ति को मंदिर की पहली मंजिल पर स्थापित किया जा सकता है। आपको बता दें कि इस प्रतिमा का शिल्पकार मूर्तिकार सत्य नारायण पांडे ने किया है। दरअसल, राम मंदिर के गर्भगृह में स्थापित करने के लिए तीन मूर्तियां बनवाई गई थीं, जिनमें से गहरे रंग की मूर्ति यानी जो अभी स्थापित की गई है, उसे प्राण-प्रतिष्ठा के लिए चुना गया था।

अब जो मूर्ति की तस्वीर सामने आई है, उसे उन्हीं तीन मूर्तियों में से एक बताया जा रहा है। इस मूर्ति को राम मंदिर की पहली मंजिल पर स्थापित किया जा सकता है। तीसरी मूर्ति को भी मंदिर में जगह दी जाएगी। आपको बता दें कि तीसरी मंजिल पर लगने वाली प्रतिमा की तस्वीर अभी सामने नहीं आई है। इसे कर्नाटक के शिल्पकार गणेश भट्ट ने बनाया है।

इस मूर्ति में क्या है खास?

इस नई मूर्ति में भगवान राम के बाल रूप को भी दर्शाया गया है। मूर्ति में कई देवी-देवताओं को स्थान दिया गया है। भगवान राम के पैरों के दाहिनी ओर भगवान हनुमान, उनके मुकुट के पास भगवान परशुराम और गौतम बुद्ध सहित अन्य देवता भी मौजूद हैं। इस नई मूर्ति में भी भगवान राम को सोने के आभूषणों से सजाया गया है।

प्राण-प्रतिष्ठा वाली मूर्ति की विशेषता?

राम मंदिर के गर्भगृह में विराजमान भगवान राम के बाल रूप की मूर्ति 51 इंच की है, जिसे काले पत्थर पर तराशा गया है। इस मूर्ति में भगवान राम को पांच साल की उम्र में दर्शाया गया है। राम मंदिर तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने कहा कि मंदिर की पहली मंजिल पर भगवान राम के भाइयों की मूर्तियां स्थापित की जाएंगी। भगवान राम की मूर्ति का चयन उनके चेहरे की सादगी, आंखों की सुंदरता, मुस्कान और शरीर समेत कई अन्य चीजों को ध्यान में रखकर किया गया था।

Leave a comment