
UP NEWS: अयोध्या से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है जिसमें एक मनचले ने 17 वर्षीय छात्रा पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। छात्रा ने जैसे-तैसे करके पास के तालाब में छंलाग लगा दी। हालांकि छात्रा का हाथ, चेहरा व सीना झुलस गया है। उसे इलाज के लिए दर्शन नगर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। वहीं पुलिस ने मनचले को गिरफ्तार कर लिया है।
मनचले ने छात्रा पर पेट्रोल डालकर लगाई आग
जानकारी के अनुसार, अयोध्या जिले के थाना तारुन अंतर्गत गोसाईगंज मार्ग पर आज सुबह एक मनचले ने कक्षा 11 की 17 वर्षीय छात्रा पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। पुलिस की जांच में पता चला है कि प्रेम प्रसंग में नाकाम रहने पर युवक ने छात्रा पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। पुलिस के अनुसार तारुन के मजरे गोड़वा निवासी युवक आसू (20) कई महीनों से छात्रा के पीछे पड़ा हुआ था। वह उसे अपने प्रेम जाल में फंसाना चाहता था। वह फोन के माध्यम से भी उसे परेशान करता था लेकिन छात्रा ने उससे दूरी बना रखी थी।
छात्रा का चेहरा, हाथ और सीना आंशिक रूप से झुलस
इससे नाराज आसू ने बुधवार सुबह उसका पीछा किया और स्कूल से करीब 200 मीटर पहले प्लास्टिक की बोतल में भरा पेट्रोल उसके ऊपर छिड़ककर आग लगा दी। दर्शन नगर मेडिकल कॉलेज के चिकित्सक डॉ अभिषेक विश्वास ने बताया कि छात्रा का चेहरा, हाथ व सीना आंशिक रूप से झुलस गया है। इसको लेकर पुलिस अधीक्षक ने घटनास्थल की जांच की और पीड़ित छात्रा के परिजनों से बात की। एसपी ग्रामीण ने बताया कि आरोपी युवक को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ की जा रही है।
Leave a comment