
झांसी: उत्तर प्रदेश के झांसी में सोमवार की दोपहर करीब साढ़े तीन बजे सीपरी बाजार इलाके में तीन मंजिला दो इलेक्ट्रॉनिक शोरूम में भीषण आग लग गई। यहां से निकली लपटों ने इंश्योरेंस कंपनी के आफिस, बंद कोचिंग सेंटर और स्पोटर्स की दुकान को भी चपेट में ले लिया। इस अग्निकांड में इंश्योरेंस कंपनी की एक महिला अफसर समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन झुलस गए। सात लोग लापता बताए जा रहे हैं।
आग में घिरे पांच लोगों ने दूसरी मंजिल से छलांग लगाकर जान बचाई। गिरने से दो लोग घायल हो गए हैं। आग से शोरूम के बाहर और बेसमेंट में खड़े 100से ज्यादा दोपहिया वाहन और करोड़ों के इलेक्ट्रॉनिक आइटम जल गए हैं। 35से 40करोड़ रुपये के नुकसान होने का अनुमान लगाया जा रहा है। डीएम ने घटना की मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश दिए हैं।
मिशन कंपाउंड निवासी नीतेश और रीतेश अग्रवाल का सीपरी बाजार में रामा बुक डिपो चौराहे के पास बीआर ट्रेडर्स के नाम से इलेक्ट्रॉनिक सामान का शोरूम है। सोमवार को शोरूम के प्रथम तल परआग लग गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और एसी, टीवी, फ्रिज और मोबाइल समेत सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जलने लगे। आग की लपटें दूसरे तल तक पहुंच गई। पूरा शोरूम आग की लपटों से घिर गया। शोरूम में आग में घिरे पांच लोग जान बचाने के लिए दूसरी मंजिल से कूद पड़े। गिरने से दो लोग घायल हो गए। जबकि चार लोगों की जलकर मौत हो गई।
कुछ ही देर में भीषण आग ने पड़ोस के इलेक्ट्रानिक उपकरणों के वैल्यू प्लस शोरूम को भी चपेट में ले लिया। इस शोरूम में रखा सभी सामान जल गया। आग तीसरी मंजिल पर स्थित यूनाइटेड इंश्योरेंस कंपनी के आफिस तक पहुंच गई। यह ऑफिस भी पूरी तरह से जलकर नष्ट हो गया।
आग की लपटों ने बगल में लाइव स्पोटर्स की दुकान को भी चपेट में ले लिया। दूसरी मंजिल पर स्थित एक बंद कोचिंग सेंटर भी आग की चपेट में आ गया। आग पर काबू पाने के लिए झांसी, ललितपुर के साथ ही दतिया, जालौन के जिलों से भी फायर ब्रिगेड की 80 गाड़ियां बुला ली गईं। सेना भी बुला ली गई। सेना ने किसी तरह तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। एसएसपी राजेश एस ने बताया कि माना जा रहा है। कि आग शार्ट सर्किट के कारण लगी है।
Leave a comment