
लखनऊ: यूपी में आज सातवें चरण के लिए वोटिंग शुरू हो गई है। आखिरी चरण में उत्तर प्रदेश के 9 जिलों की 54 विधानसभा सीटों पर मतदान शुरू हो चुका है। इस चरण में 2 करोड़ से अधिक मतदाता अपने मत का इस्तेमाल करेंगे। साथ ही आज 613 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला ईवीएम में कैद हो जाएगा।
इसके साथ ही आखिरी चरण में मतदान करने के लिए पीएम मोदी और सीएम योगी ने अपील की। पीएम मोदी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में आज लोकतंत्र के महायज्ञ की पूर्णाहुति का दिन है। सभी मतदाताओं से मेरा आग्रह है कि वे विधानसभा चुनाव के सातवें और आखिरी चरण के मतदान में पूरे जोश-खरोश से भाग लें और वोटिंग का नया रिकॉर्ड बनाएं। साथ ही सीएम योगी ने अपने ट्वीटर हैंडल से ट्वीट कर कहा कि 'उत्तर प्रदेश विधान सभा चुनाव-2022 का आज अंतिम चरण है। सभी सम्मानित मतदाता गण राष्ट्रवाद, विकास और सुशासन की विजय के लिए मतदान अवश्य करें।
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने वोटर्स से अपील करते हुए कहा कि नव शुभारंभ के लिए आज सातवें और अंतिम चरण में अपना वोट अवश्य डालें, साथ ही अन्य मतदाताओं को भी अपने-अपने मताधिकार के सदुपयोग के लिए प्रेरित करें! जितना अधिक मतदान होगा, लोकतंत्र उतना अधिक बलवान होगा। वहीं मायावती ने कहा कि यूपी में पूर्वांचल के 9 ज़िलों की 54 विधानसभा सीट पर आज 7वें व अन्तिम चरण के मतदान में वोटरों की भारी भागीदारी जरूरी है ताकि आपके वोट की ताकत से छलावा व वादाखिलाफी आदि से मुक्त जनहित व जनकल्याण को समर्पित आपकी आजमाई हुई बीएसपी सरकार यहां बन सके।
Leave a comment