Train Cancellation: दिल्ली में ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों के लिए राहत की खबर है। राजधानी में रेल परिचालन धीरे-धीरे सामान्य हो रहा है। उत्तर रेलवे ने साफ किया है कि पहले से घोषित ट्रेनों के रद्द होने के अलावा फिलहाल और ट्रेनों को रद्द करने की योजना नहीं है। ऐसे में यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है। दरअसल, दिल्ली में 10 अक्टूबर को होने वाले CJP के प्रदर्शन को देखते हुए रेलवे ने एहतियात के तौर पर 245 ट्रेनों को रद्द करने का फैसला लिया था।
रेलवे ने क्या दिया नया अपडेट?
मीडिया से बातचीत में उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय ने बताया कि पहले से रद्द की गई ट्रेनों के अलावा फिलहाल किसी अन्य ट्रेन को रद्द करने की योजना नहीं है। उन्होंने कहा कि अब तक जिन ट्रेनों को रद्द करने की घोषणा की गई है, उसके अलावा और कोई ट्रेन रद्द नहीं की जाएगी। इस बयान से उन यात्रियों को राहत मिल सकती है, जो दिल्ली और आसपास के रेलवे स्टेशनों से यात्रा करने वाले हैं। हालांकि, यात्रियों को अपनी ट्रेन की स्थिति की जांच करके ही स्टेशन के लिए निकलना चाहिए।
245 ट्रेनें क्यों की गई थीं रद्द?
रेल मंत्रालय ने शुक्रवार को कुल 245 ट्रेनों को रद्द करने की घोषणा की थी। इनमें मेल, एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनें शामिल थीं। रद्द की गई ट्रेनों में 75 मेल और एक्सप्रेस ट्रेनें, जबकि 170 पैसेंजर ट्रेनें थीं। रेलवे ने यह कदम दिल्ली में 10 अक्टूबर को प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन को देखते हुए उठाया था। खुफिया जानकारी और ट्रैफिक एडवाइजरी के अनुसार, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन के आसपास सुबह 4 बजे से दोपहर 2 बजे तक सड़कों पर भारी जाम लगने की आशंका थी।
यात्रियों की परेशानी कम करने के लिए लिया फैसला
रेलवे के मुताबिक, यात्रियों को परेशानी से बचाने के लिए एहतियाती कदम उठाए गए थे। इसके तहत 9 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे के बाद अपने शुरुआती स्टेशन से चलने वाली उन मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों को रद्द किया गया, जिन्हें 10 अक्टूबर को सुबह 4 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच नई दिल्ली या हजरत निजामुद्दीन पहुंचना था। रेलवे परिचालन सामान्य होने की दिशा में बढ़ रहा है। ऐसे में यात्रियों को सलाह है कि वे यात्रा से पहले रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट या NTES ऐप पर अपनी ट्रेन का ताजा स्टेटस जरूर जांच लें।
Also read: Delhi News: ममता बनर्जी और अरविंद केजरीवाल हिरासत में, TMC ने बताया लोकतंत्र के लिए काला दिन