Delhi Market Closure: आज 10 अक्टूबर 2026 शनिवार को दिल्ली के जंतर-मंतर इलाके में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) और इंडिया ब्लॉक के सदस्यों मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं, विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए विरोध प्रदर्शन कर रहे है। जिस वजह से खान मार्केट और कनॉट प्लेस समेत राष्ट्रीय राजधानी के कई बाज़ार बंद हैं। इस वजह से व्यापारियों ने बढ़ते नुकसान और संपत्ति को क्षति पहुंचने की आशंका जताई जा रही है।
जंतर-मंतर प्रोटेस्ट में व्यापारियों को हुआ बड़ा नुकसान
इस मामले में खान मार्केट ट्रेडर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष संजीव मेहरा ने कहा कि व्यापारियों ने बाज़ार बंद रखने का फैसला खुद लिया है। उन्होंने बताया 'हमने खुद इसे बंद रखने का फैसला किया है। जब प्रदर्शनकारियों को पास में रोका जाता है, तो खान मार्केट सबसे पहले प्रभावित होने वाले बाज़ारों में से एक है, जिससे दुकानों और संपत्ति को नुकसान पहुंचने की आशंका बढ़ जाती है। खान मार्केट, कनॉट प्लेस और साउथ एक्सटेंशन जैसे बाज़ारों में कारोबारियों को दुकानें बंद रहने पर भी किराया और वेतन सहित भारी लागत का सामना करना पड़ता है।' उन्होंने आगे कहा,'एक दिन के बंद से प्रति दुकान 1-1.5 लाख रुपये का नुकसान हो सकता है। फल और किराने का सामान जैसी नाशवान वस्तुएं नुकसान को और बढ़ा देती हैं। मैं राजनीतिक दलों से अपने दृष्टिकोण पर पुनर्विचार करने और व्यस्त व्यावसायिक क्षेत्रों से दूर शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन करने का आग्रह करता हूं।'
Also read: इंटरनेट बंद होने की खबरों के बीच चर्चा में आए BitChat और Bridgefy, ध्रुव राठी ने दी ऐप इंस्टॉल न करने की सलाह
इसके अलावा खान मार्केट एसोसिएशन के उपाध्यक्ष बृज गोपाल खोसला ने कहा कि लगभग हर दिन हो रहे विरोध प्रदर्शनों के कारण व्यापारियों के लिए अपना कारोबार चलाना मुश्किल हो रहा है। उन्होंने बताया ‘लगभग हर दिन हो रहे विरोध प्रदर्शनों से कारोबार प्रभावित हो रहा है; कारोबार चलाना, किराया देना और कर्मचारियों के खर्चों को पूरा करना मुश्किल होता जा रहा है। खान मार्केट बंद है क्योंकि दुकानदार हिंसा या अपनी दुकानों और वाहनों को नुकसान पहुंचने के डर से जोखिम नहीं लेना चाहते।’ उन्होंने आगे कहा 'प्रशासन ने चेतावनी जारी की है कि तनाव बढ़ सकता है, और मार्केट एसोसिएशन ने दुकानें न खोलने का फैसला किया है।'
इस बीच, नई दिल्ली ट्रेडर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अतुल भार्गव ने कहा कि कनॉट प्लेस मार्केट भी आज बंद रहेगा। उन्होंने बताया 'पिछले चार-पांच दिनों से विरोध प्रदर्शनों के कारण कारोबार प्रभावित हो रहा है, कनॉट प्लेस के आसपास इंडिया ब्लॉक के सदस्यों के प्रदर्शनों के कारण सड़कें बंद हो रही हैं, ट्रैफिक जाम हो रहा है और जनता को असुविधा हो रही है।' उन्होंने आगे कहा 'आज स्थिति और भी गंभीर हो गई है। कॉकरोच जनता पार्टी ने विरोध प्रदर्शन की घोषणा की थी, लेकिन उन्हें अनुमति नहीं दी गई। स्थिति के और बिगड़ने की आशंका को देखते हुए, अधिकारियों ने हमें बंद रहने की सलाह दी है।'