अभी भी तनाव से जूझ रहा थाईलैंड-कंबोडिया, 32 की मौत; भारत के नागरिकों के लिए जारी हुई एडवाइजरी

अभी भी तनाव से जूझ रहा थाईलैंड-कंबोडिया, 32 की मौत; भारत के नागरिकों के लिए जारी हुई एडवाइजरी

Thailand Cambodia Conflict: थाईलैंड और कंबोडिया के बीच सीमा विवाद शनिवार को चौथे दिन भी जारी रहा, जिसमें अब तक 32लोगों की जान जा चुकी है। थाईलैंड में 19और कंबोडिया में 13लोगों की मौत हुई है। विवादित ता मुएन थोम मंदिर क्षेत्र में चल रही हिंसक झड़पों के कारण 81,000से अधिक लोग डिस्प्लेस्ड हुए हैं, जिनमें थाईलैंड के 58,000और कंबोडिया के 23,000नागरिक शामिल हैं। विस्थापित लोग अस्थायी आश्रयों में शरण लेने को मजबूर हैं। थाईलैंड ने कंबोडिया पर हमले और एक अस्पताल पर निशाना बनाने का आरोप लगाया, जबकि कंबोडिया के संयुक्त राष्ट्र दूत छिया केओ ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उनकी छोटी सेना ऐसा हमला नहीं कर सकती। स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है और हिंसा बढ़ने की आशंका है।

संयुक्त राष्ट्र और आसियान का शांति प्रयास

संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने शुक्रवार देर रात न्यूयॉर्क में इस मुद्दे पर आपात बैठक बुलाई। हालांकि कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं हुआ, लेकिन एक राजनयिक के अनुसार, परिषद के 15सदस्य देशों ने दोनों देशों से संयम बरतने और शांतिपूर्ण समाधान की दिशा में काम करने का आग्रह किया। परिषद ने दक्षिण-पूर्व एशियाई राष्ट्रों के संगठन (आसियान) से मध्यस्थता की अपील की। वर्तमान में आसियान की अध्यक्षता कर रहे मलेशिया ने तत्काल संघर्ष समाप्त करने की मांग की और मध्यस्थता की पेशकश की। कंबोडिया, जिसने बैठक की मांग की थी, ने बिना शर्त युद्धविराम और विवाद के शांतिपूर्ण समाधान की अपील दोहराई।

भारत ने कंबोडिया में नागरिकों के लिए जारी की सलाह

इस अशांति के बीच, कंबोडिया में भारतीय दूतावास ने एक परामर्श जारी कर अपने नागरिकों को सीमा क्षेत्रों की यात्रा से बचने की सलाह दी। दूतावास ने आपात स्थिति के लिए हेल्पलाइन नंबर (+855 92881676) और ईमेल (cons.phnompenh@mea.gov.in) साझा किया है। दोनों देश एक-दूसरे पर हमले का आरोप लगा रहे हैं, लेकिन अंतरराष्ट्रीय समुदाय शांति की दिशा में प्रयासरत है ताकि और नुकसान को रोका जा सके।

Leave a comment