Iran Terrorist Attack: ईरान के न्यायिक केंद्र पर आतंकी हमला, आठ लोगों की मौत की आशंका

Iran Terrorist Attack: ईरान के न्यायिक केंद्र पर आतंकी हमला, आठ लोगों की मौत की आशंका

Iran Terrorist Attack: शुक्रवार को ईरान के दक्षिण-पूर्वी प्रांत सिस्तान-बलूचिस्तान की राजधानी ज़ाहेदान में एक न्यायिक केंद्र पर एक दर्दनाक आतंकी हमला हुआ, जिसमें कम से कम 8लोगों की मौत हो गई। मृतकों में पांच आम नागरिक और तीन हमलावर शामिल हैं, जबकि 13 अन्य लोग घायल हुए हैं। ईरान की एक समाचार एजेंसी के अनुसार, अज्ञात बंदूकधारियों ने ज़ाहेदान के न्यायिक केंद्र को निशाना बनाया। यह हमला सुबह उस समय हुआ, जब न्यायिक गतिविधियां सामान्य रूप से चल रही थीं। घटना के बाद सुरक्षाबल तुरंत हरकत में आए और तीनों हमलावरों को मार गिराया। वर्तमान में स्थिति नियंत्रण में है।

हमले के बाद घायलों का इलाज और जांच शुरू

सिस्तान-बलूचिस्तान प्रांत में हुए एक हमले में घायल लोगों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। अभी तक किसी भी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। यह क्षेत्र पहले भी चरमपंथी गतिविधियों और अलगाववादी हिंसा का गढ़ रहा है, जिसके कारण यहां सुरक्षा व्यवस्था हमेशा सतर्क रहती है।

कड़ी कार्रवाई का ऐलान

सिस्तान-बलूचिस्तान, जो पाकिस्तान और अफगानिस्तान की सीमाओं से लगा हुआ है, लंबे समय से आतंकवादी घटनाओं का केंद्र रहा है। यह इलाका सुरक्षा एजेंसियों के लिए लगातार चुनौती बना हुआ है। ईरानी अधिकारियों ने इस हमले को न्याय व्यवस्था पर सीधा हमला करार देते हुए आतंकवाद के खिलाफ कठोर कार्रवाई का संकल्प लिया है। जांच एजेंसियां हमलावरों की पहचान और उनके नेटवर्क का पता लगाने के लिए सक्रिय रूप से काम शुरू कर चुकी हैं।

Leave a comment