
Who is Mr. Fix-It: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी (BGT) के तहत टेस्ट सीरीज का आखिरी मैच सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर खेला जाएगा। भारतीय टीम इस सीरीज में 1-2से पीछे चल रही है। अब उसकी कोशिश इस मैच को जीतकर ट्रॉफी को फिर से रिटेन करने की होगी। हालांकि, इस मैच से पहले भारतीय टीम के ड्रेसिंग रूम में कप्तानी को लेकर चर्चाएं हो रही हैं।
कौन होगा अगला कप्तान?
सिडनी टेस्ट से पहले कप्तानी को लेकर भारतीय टीम के ड्रेसिंग रूम में हलचल बढ़ गई है। रिपोर्ट्स के अनुसार, एक सीनियर खिलाड़ी ने रोहित शर्मा के उत्तराधिकारी के तौर पर अपना नाम प्रस्तावित किया है। इस खिलाड़ी ने खुद को 'मिस्टर फिक्स इट' के रूप में पेश किया और कहा कि वह टीम की स्थिति सुधार सकते हैं। हालांकि, इस खिलाड़ी का नाम रिपोर्ट में नहीं बताया गया है, लेकिन यह माना जा रहा है कि कोई युवा खिलाड़ी इस दौड़ में नहीं है क्योंकि उनका अंतरराष्ट्रीय अनुभव कम है।
बुमराह को मिल सकता है मौका
भारतीय टीम के सीनियर खिलाड़ियों में रोहित शर्मा, विराट कोहली, केएल राहुल, जसप्रीत बुमराह, रवींद्र जडेजा और ऋषभ पंत शामिल हैं। रोहित शर्मा फिलहाल कप्तान हैं, जबकि विराट कोहली पहले ही टेस्ट कप्तानी छोड़ चुके हैं। जसप्रीत बुमराह, जो टेस्ट टीम के उप-कप्तान हैं, कप्तानी के सबसे मजबूत उम्मीदवार माने जा रहे हैं। केएल राहुल और ऋषभ पंत को आईपीएल में कप्तानी का अनुभव है, जबकि रवींद्र जडेजा ने कुछ मैचों में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए कप्तानी की है।
ड्रेसिंग रूम में चल रही है 'बहस'
टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर ने 2जनवरी को प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि ड्रेसिंग रूम में कुछ बहस हो रही है, लेकिन यह सार्वजनिक नहीं होनी चाहिए। गंभीर का मानना है कि खिलाड़ियों को ईमानदारी से बात करनी चाहिए, क्योंकि प्रदर्शन ही उन्हें टीम में बनाए रख सकता है। उन्होंने कहा कि ड्रेसिंग रूम में ईमानदारी से काम करने वाले खिलाड़ी भारतीय क्रिकेट को सुरक्षित रख सकते हैं।
सिडनी टेस्ट के बाद सुलझ सकता है कप्तानी का सवाल
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, भारतीय टीम में दो खिलाड़ी कप्तानी की महत्वाकांक्षा रखते हैं और दावा कर रहे हैं कि वे टीम के लिए अहम योगदान दे सकते हैं। हालांकि, इस रिपोर्ट की सच्चाई पर अभी संदेह है। सिडनी टेस्ट के बाद कप्तानी को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकती है, जबकि भारतीय टीम की प्राथमिकता इस मैच में जीत हासिल कर ट्रॉफी को रिटेन करना है।
Leave a comment