
Gus Atkinson On Debut Bowling: इंग्लैंड क्रिकेट टीम ने वेस्टइंडीज को पहले टेस्ट मैच में पारी और 114 रनों से हरा दिया। यह मैच महान तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन का आखिरी टेस्ट मैच भी था। इस मैच में इंग्लैंड के लिए गस एटकिंसन ने डेब्यू किया और कमाल का प्रदर्शन किया। वह इंग्लैंड के लिए सबसे बड़े हीरो साबित हुए। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड मिला है। उन्होंने अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर 90 साल बाद टेस्ट क्रिकेट में बड़ा चमत्कार किया है।
गस एटकिंसन ने किया कमाल
गस एटकिंसन ने पहली पारी में कुल 7 विकेट लिए। उनकी वजह से वेस्टइंडीज की टीम पहली पारी में सिर्फ 121 रन ही बना सकी। इसके बाद उन्होंने दूसरी पारी में भी कातिलाना गेंदबाजी का नमूना पेश किया और पांच विकेट लिए। इस तरह उन्होंने दोनों पारियों में कुल 12 विकेट लिए और दोनों पारियों में 5 विकेट लिए। 1934 के बाद यह पहली बार है कि इंग्लैंड के किसी गेंदबाज ने डेब्यू टेस्ट मैच की दोनों पारियों में 5 विकेट लिए हैं।
डेब्यू टेस्ट मैच में हासिल किए 12 विकेट
गस एटकिंसन अपने पहले टेस्ट मैच में 10 या उससे अधिक विकेट लेने वाले इंग्लैंड के 8वें गेंदबाज बन गए हैं। डेब्यू टेस्ट मैच में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी के मामले में वह चौथे स्थान पर पहुंच गए हैं। उन्होंने 26 ओवर फेंके, कुल 106 रन खर्च किए और 12 विकेट लिए। वह अभी सिर्फ 26 साल के हैं और उन्हें जेम्स एंडरसन के आखिरी मैच में टेस्ट डेब्यू करने का मौका मिला था। उन्होंने मौके का पूरा फायदा उठाया और शानदार प्रदर्शन किया। अब एंडरसन ने संन्यास ले लिया है। ऐसे में अगले कुछ मैचों के लिए इंग्लैंड की प्लेइंग इलेवन में गस एटकिंसन की जगह लगभग पक्की है। उन्होंने इंग्लैंड के लिए 9 वनडे मैचों में 11 विकेट और 3 टी20I मैचों में 6 विकेट लिए हैं।
इंग्लैंड ने जीता मैच
वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, जो सही साबित हुआ। वेस्टइंडीज ने पहली पारी में 121 रन बनाए। इसके बाद इंग्लैंड ने पहली पारी में 371 रन बनाए और इस तरह 250 रनों की बढ़त हासिल कर ली। तब दूसरी पारी में गस एटकिंसन के सामने वेस्टइंडीज के बल्लेबाज टिक नहीं सके और 136 रन ही बना सके।
Leave a comment