PM मोदी का छठा जापान दौरा, बुलेट ट्रेन से लेकर कई क्षेत्रों में सहयोग की संभावना

PM मोदी का छठा जापान दौरा, बुलेट ट्रेन से लेकर कई क्षेत्रों में सहयोग की संभावना

PM Modi Japan Visit: भारत और जापान का रिश्ता कोई एक दशक या एक शताब्दी का नहीं बल्कि 1400 साल पुराना है। समय के साथ-साथ इन दोनों देशों की दोस्ती में नए आयाम जुड़ते गए और उसमें मजबूती आती गई। अब उसी दिशा में एक और कदम आगे बढ़ने वाला है। पीएम नरेंद्र मोदी दो दिवसीय जापान यात्रा पर गुरुवार, 28 अगस्त को जाने वाले हैं। इस दौरान वे भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन का भी हिस्सा बनेंगे।

इन क्षेत्रों में मिलेगा सहयोग

इस दौरान पीएम मोदी और जापान के पीएम शिगेरु इशिबा के बीच द्विपक्षीय वार्ता होगी, जो इंफ्रास्ट्रक्चर, व्यापार, रक्षा और निवेश जैसे क्षेत्रों में सहयोग को बढ़ावा देगी। पीएम मोदी जापान के बाद सीधे चीन की यात्रा पर जाएंगे जहां वे शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन में शामिल होंगे।

भारत और जापान की दोस्ती

भारत और जापान 2000 से वैश्विक साझेदारी और 2014 से विशेष रणनीतिक साझेदारी शेयर करते हैं। भारत की एक्ट ईस्ट नीति और जापान की स्वतंत्र और खुले हिंद-प्रशांत पहल एक-दूसरे के पूरक हैं। दोनों देश क्वाड, अंतरराष्ट्रीय सौर गठबंधन और आपदा रोधी अवसंरचना गठबंधन जैसे मंचों पर मिलकर काम करते हैं।

सांस्कृतिक संबंध

भारत और जापान के बीच संबंधों की शुरुआत छठी शताब्दी में हुई जब बौद्ध धर्म भारत से जापान पहुंचा। बौद्ध धर्म ने जापानी संस्कृति को बहुत गहराई से प्रभावित किया है। इसी कारण जापानी लोगों के मन में भारत के प्रति विशेष लगाव और सम्मान की भावना है। जापान के नारा शहर में टोदाईजी मंदिर में भगवान बुद्ध की एक विशाल प्रतिमा है, जिसका अभिषेक 752 ईस्वी में भारतीय भिक्षु बोधिसेना ने किया था।

बुलेट ट्रेन को लेकर होगी बात

पीएम मोदी और इशिबा एक साथ बुलेट ट्रेन में बैठकर सेंदाई की यात्रा करने की भी उम्मीद है। यह शहर सेमीकंडक्टर इंडस्ट्री के लिए जाना जाता है। अपनी पहली मुलाकात में पीएम मोदी और इशिबा मुंबई-अहमदाबाद मार्ग से परे, भारत में भविष्य की बुलेट ट्रेन परियोजनाओं में जापान की भागीदारी कैसे हो सकती है, इसका पता लगाएंगे। 

Leave a comment