PM Modi On GDP: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में भारत की 7.8 प्रतिशत GDP ग्रोथ पर खुशी जताई है। पीएम मोदी ने कहा कि जब पूरी दुनिया युद्ध और कई तरह के संकटों से जूझ रही है, तब भी भारत तेज गति से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने 7.8 प्रतिशत की आर्थिक वृद्धि को देश की सामूहिक ताकत, संकल्प और मेहनत का परिणाम बताया।
देशवासियों को दी बधाई
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर देशवासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि दुनिया में इस समय कई तरह की चुनौतियां हैं। युद्ध के कारण वैश्विक स्तर पर अनिश्चितता बनी हुई है और सप्लाई चेन भी प्रभावित हुई है। कोरोना महामारी के बाद से दुनिया के कई हिस्सों में आर्थिक स्थिरता की स्थिति नहीं बन पाई है। इसके बावजूद भारत तेजी से विकास कर रहा है। पीएम मोदी ने कहा कि देश ने कई मुश्किलों और रुकावटों को पार करते हुए 7.8 प्रतिशत की ग्रोथ हासिल की है। उन्होंने कहा कि भारत को अब इस रफ्तार को बनाए रखना होगा। इसके लिए देश को आत्मनिर्भर बनाना जरूरी है।
प्रधानमंत्री ने की ये अपील
प्रधानमंत्री ने लोगों से 'स्वदेशी' और 'वोकल फॉर लोकल' को बढ़ावा देने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोगों को जरूरत के सामान के लिए स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देनी चाहिए। पीएम ने विदेश में होने वाली शादियों और गैर-जरूरी विदेश यात्राओं से बचने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि शादियां भारत में हों और देश में बने उत्पादों को बढ़ावा मिले। पीएम मोदी ने सोने की खरीद को लेकर भी लोगों से सावधानी बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि जब तक बहुत जरूरी न हो, तब तक सोना खरीदने से बचना चाहिए। उनका कहना है कि स्वदेशी और आत्मनिर्भरता पर जोर देकर देश अपने युवाओं के सपनों को पूरा कर सकता है।
अर्थव्यवस्था 7.8 प्रतिशत बढ़ी
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में भारतीय अर्थव्यवस्था 7.8 प्रतिशत की दर से बढ़ी है, जबकि पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में GDP ग्रोथ 6.9 प्रतिशत थी। पीएम मोदी ने कहा कि 1.4 अरब भारतीयों की सामूहिक ताकत देश को नई ऊंचाइयों तक ले जा सकती है। उन्होंने देशवासियों से इसी संकल्प के साथ आगे बढ़ने की अपील की।
Also read: PM Modi in SCO: ‘आतंकवाद पर डबल स्टैंडर्ड नहीं चलेगा’, SCO के मंच से PM मोदी का पाकिस्तान को कड़ा संदेश