
America Supports India: पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान आमने-सामने हैं। दोनों ही देशों के बीच युद्ध जैसी स्थिति बनी हुई है। इस बीच अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस की ओर से इस पूरे मामले पर प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने भारत को आतंकवाद के विरूद्ध कार्रवाई करने को कहा है लेकिन किसी भी बड़े क्षेत्रीय संघर्ष से बचने को कहा है। साथ ही उन्होंने कहा कि पाकिस्तान को अपने पड़ोसी के साथ सहयोग करना चाहिए ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि उसके क्षेत्र में सक्रिय आतंकवादियों का पता लगाया जाए। गौरतलब है कि 22 अप्रैल को जब पहलगाम में आतंकी हमला हुआ था तब जेडी वेंस भारत में ही थे। इस आतंकी हमले में 26 लोगों की जान ले ली गई थी।
वेंस ने क्या कहा?
फॉक्स न्यूज के साथ बात करते हुए वेंस ने कहा, "हम उम्मीद करते हैं कि पाकिस्तान, जहां तक वे जिम्मेदार हैं, भारत के साथ सहयोग करेगा ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि उनके क्षेत्र में सक्रिय आतंकवादियों का पता लगाया जाए और उनसे निपटा जाए।"
“अमेरिका भारत के साथ”
अमेरिकी विदेश विभाग की प्रवक्ता टैमी ब्रूस ने कहा, "हम बारीकी से निगरानी कर रहे हैं। कल, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर और पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से बात की। जैसा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पिछले सप्ताह पीएम मोदी से कहा था कि संयुक्त राज्य अमेरिका आतंकवाद के खिलाफ भारत के साथ मजबूती से खड़ा है और प्रधानमंत्री मोदी को हमारा पूरा समर्थन है।"
शाह ने दी चेतावनी
गृह मंत्री अमित शाह ने भी गुरुवार को एक सार्वजनिक कार्यक्रम में पाकिस्तान और आतंकियों के खिलाफ सख्त बयान दिया था। उन्होंने कहा, "अगर कोई सोचता है कि कायरतापूर्ण हमला उनकी जीत है, तो उन्हें याद रखना चाहिए कि यह नरेंद्र मोदी का भारत है। एक-एक करके बदला लिया जाएगा।"
Leave a comment