Weather Forecast On Diwali: दीपों का त्योहार दिवाली इस बार मौसम की मार झेल सकता है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने गुजरात, महाराष्ट्र समेत नौ राज्यों में 18से 23अक्टूबर तक बारिश और गरज-चमक के साथ छींटों की चेतावनी जारी की है। दक्षिण भारत के राज्यों में भारी वर्षा की आशंका से उत्सव की तैयारियां प्रभावित हो सकती हैं, जबकि उत्तर भारत में ठंड और कोहरे का असर दिखने लगा है। हालांकि, दिल्ली-NCR जैसे क्षेत्रों में साफ मौसम रहने की उम्मीद है।
दक्षिण भारत में मूसलाधार बारिश का खतरा
दक्षिणी राज्यों में सक्रिय चक्रवाती परिसंचरण के कारण दिवाली का रंग फीका पड़ सकता है। IMD के अनुसार, 18से 23अक्टूबर तक केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में हल्की से मध्यम वर्षा के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। गरज-चमक और तेज हवाओं की भी संभावना है।
IMD ने केरल और तमिलनाडु के लिए अगले सात दिनों में मूसलाधार बारिश की चेतावनी जारी की है। इसी के साथ तटीय इलाकों में बाढ़ के खतरे की भी आशंका जताई है। इसके अलावा कर्नाटक और आंध्र प्रदेश में 16अक्टूबर तक तटीय क्षेत्रों में छींटे पड़ने की उम्मीद है। वहीं, तेलंगाना में हल्की बारिश हो सकती है।
गुजरात-महाराष्ट्र में येलो अलर्ट
गुजरात और महाराष्ट्र में अलग-अलग स्थानों पर वर्षा की गतिविधियां दिवाली को गीला कर सकती हैं। IMD ने 16से 21अक्टूबर तक दक्षिण गुजरात और सौराष्ट्र के जिलों में हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान जताया है। गुजरात के गिर सोमनाथ, अमरेली, भावनगर, नावसारी, तापी, वलसाड और डांग जैसे जिलों में 20अक्टूबर को छींटे पड़ सकते हैं। बाकी इलाकों में शुष्क मौसम रहेगा। तापमान 25-32डिग्री सेल्सियस के बीच।
तो वहीं, महाराष्ट्र के लिए कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र (पुणे, सतारा, अहमदनगर) और मराठवाड़ा में 15से 20अक्टूबर तक गरज के साथ बारिश होगी। मुंबई में 19-21अक्टूबर को हल्की बारिश, तापमान 23-36डिग्री। येलो अलर्ट जारी, यात्रियों को सतर्क रहने की हिदायत।
छत्तीसगढ़-ओडिशा में भी बारिश
IMD ने बताया कि मध्य भारत के कुछ हिस्सों में भी वर्षा की झलक मिल सकती है। छत्तीसगढ़ में 14-15अक्टूबर को गरज-चमक के साथ छींटे, लेकिन दिवाली तक गतिविधियां कम होंगी। तो वहीं, दक्षिण ओडिशा में 16अक्टूबर तक हल्की वर्षा। पूर्वोत्तर राज्यों (असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा) में भी 15-19अक्टूबर को छींटे पड़ने की आशंका, उसके बाद शुष्क मौसम।
उत्तर भारत में ठंड की दस्तक
उत्तर भारत में दिवाली शुष्क और साफ रहने की उम्मीद है, लेकिन ठंड बढ़ेगी। दिल्ली-NCR में 20-21 अक्टूबर को सुबह कोहरा, दोपहर में धूप। तापमान 18-32 डिग्री। प्रदूषण स्तर बढ़ सकता है, AQI 245 तक पहुंचा। हिमाचल-उत्तराखंड-जम्मू-कश्मीर: ऊपरी इलाकों में बर्फबारी, मैदानी क्षेत्रों में ठंडक। धनतेरस पर हल्की वर्षा संभव।
Leave a comment