CM Samrat Chaudhary: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज 11 अक्टूबर 2026 रविवार को नेहरू पथ पर चल रहे पटना मेट्रो रेल परियोजना के निर्माण कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने इनकम टैक्स गोलंबर, हाई कोर्ट चौराहा एवं हनुमान मंदिर के समीप पहुंचकर निर्माण कार्यों की प्रगति का निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों से कार्यों की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पटना मेट्रो रेल परियोजना का निर्माण कार्य वर्ष 2028 तक पूर्ण करें। परियोजना के क्रियान्वयन में गुणवत्ता एवं सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन करें। उन्होंने कहा कि जे०डी० विमेंस कॉलेज तथा हाईकोर्ट चौराहा-बिहार म्यूजियम के पास नेहरू पथ पर फुट ओवरब्रिज का निर्माण करायें।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि मेट्रो निर्माण कार्य के दौरान आम नागरिकों को कम से कम असुविधा हो, इसके लिए व्यवस्थित एवं समन्वित तरीके से कार्य किया जाए। निर्माण स्थलों के आसपास यातायात प्रबंधन, आवागमन की सुगमता तथा नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने पर उन्होंने जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि निर्माण कार्य इस प्रकार संचालित किए जाएं कि शहरवासियों के दैनिक आवागमन पर न्यूनतम प्रभाव पड़े और विकास कार्यों के साथ-साथ जनसुविधाओं का भी पूरा ध्यान रखा जाए।
Also read: Bihar News:बिहार के 1.08 करोड़ पेंशनधारियों के खाते में 1,237 करोड़ रुपये ट्रांसफर, हर महीने की 10 तारीख को मिलेगी राशि
मुख्यमंत्री ने पटना मेट्रो रेल परियोजना को राजधानी की परिवहन व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने तथा संबंधित एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि परियोजना के निर्माण में तेजी लाने के साथ-साथ कार्यों की गुणवत्ता, सुरक्षा और नागरिक सुविधाओं से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाना चाहिए।
निरीक्षण के दौरान उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव, विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री शीला कुमारी, नगर विकास एवं आवास विभाग सह वित्त विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार, पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, पटना मेट्रो रेल परियोजना के प्रबंध निदेशक संदीप कुमार आर० पुडुकलकट्टी, भवन निर्माण विभाग के सचिव प्रणव कुमार, नगर विकास एवं आवास विभाग के सचिव अनिमेश कुमार परासर, पटना के जिलाधिकारी कुंदन कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के० शर्मा सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।