Lok Sabha Election 2024: ‘सैम पित्रोदा राहुल गांधी के गुरु’, कंगना रनौत का कांग्रेस पर बड़ा प्रहार

Lok Sabha Election 2024: ‘सैम पित्रोदा राहुल गांधी के गुरु’, कंगना रनौत का कांग्रेस पर बड़ा प्रहार

Kangana Ranaut on Sam Pitroda: इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष सैम पित्रोदाके एक और विवादित बयान से सियासी तापमान बढ़ गया है। दरअसल, सैम पित्रोदा का एक और वीडियो सामने आया है जहां वो भारत में रहने वाले लोगों की विवादित रूप से तुलना कर रहे हैं। अब भाजपा उनके बयान पर हमलावर है। इसी बीच बॉलीवुड एक्ट्रेस और हिमाचल प्रदेश के मंडी से भाजपा उम्मीदवार कंगना रनौत ने सैम पित्रोदा के बयान का पलटवार किया है और साथ ही केरल के वायनाड से कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर हमला बोला है।

कांग्रेस ने किया किनारा

सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर कंगना रनौत ने पोस्ट करते हुए लिखा, ‘सैम पित्रोदा राहुल गांधी के गुरु हैं। हमने उनकी नक्सलवादी और विभाजनकारी बातें सुनी हैं। उनकी सोच 'फूट डालो और राज करो' वाली है। सैम पित्रोदा का भारतीयों को चीनी और अफ्रीकी कहना बेहद घृणात्मक है। ऐसे में कांग्रेस को खुद पर शर्म करनी चाहिए।’दूसरी तरफ कांग्रेस ने एक बार फिर सैम पित्रोदा के बयान से किनारा कर लिया है और कांग्रेस के महासचिव और संचार प्रभारी जयराम रमेश ने एक्स पर पोस्ट में लिखा है कि, "सैम पित्रोदा की ओर से भारत की विविधताओं को जो उपमाएं दी गई हैं, वे गलत और अस्वीकार्य हैं। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस इन उपमाओं से अपने-आप को पूरी तरह से अलग करती है।" हालांकि, सैम पित्रोदा ने यह भी कहा- हम सब अलग दिखते हैं और इससे हमें जरा भी फर्क नहीं पड़ता है। हम सब भाई-बहन हैं।

क्या दिया था बयान

बता दें, एक वीडियो में पित्रोदा कहते हुए नजर आ रहे हैं कि भारत एक अत्यंत विविधता भरा देश है, जहां पूर्वी भारत में रहने वाले लोग चीन के लोगों जैसे, पश्चिम में रहने वाले अरब जैसे, उत्तर भारत में रहने वाले श्वेतों की तरह और दक्षिण में रहने वाले अफ्रीकी लोगों की तरह दिखते हैं। पित्रोदा आगे कहते हैं कि इससे फर्क नहीं पड़ता। हम सभी भाई-बहनें हैं। हम सभी भाषाओं का सम्मान करते हैं।

Leave a comment