Lok Sabha Election 2024: ‘सरकार बनते ही किसानों का कर्ज माफ होगा’, प्रियंका गांधी का बड़ा ऐलान

Lok Sabha Election 2024: ‘सरकार बनते ही किसानों का कर्ज माफ होगा’, प्रियंका गांधी का बड़ा ऐलान

Lok Sabha Election 2024: 19 मार्च से देश में लोकसभा चुनाव होना है। कांग्रेस हो या भाजपा या कोई अन्य पार्टी सभी चुनावी रैली से व्यस्त हैं। इसी बीच कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने किसानों के मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरा है। शुक्रवार को प्रियंका ने कहा, भाजपा के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार में एक लाख से ज्यादा किसानों ने सुसाइड किया है। किसानों की ना ही आय दोगुनी हुई और ना ही एमएसपी दी गई है। प्रियंका ने वादा किया कि कांग्रेस की सरकार बनने पर ना ही सिर्फ एमएसपी की गारंटी दी जाएगी, बल्कि किसानों का कर्ज भी माफ होगा।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर प्रियंका गांधी ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा, बीजेपी ने किसानों का कर्जा माफ नहीं किया गया है, लेकिन उद्योगपतियों का लाखों करोड़ रुपये माफ हुए हैं। उन्होंने कहा, "आज देश में हर दिन 30 किसान आत्महत्या कर रहे हैं।

1 लाख से ज्यादा किसानों ने आत्महत्या की

भाजपा राज में 1 लाख से ज्यादा किसानों ने आत्महत्या कर ली। कृषि में इस्तेमाल होने वाली जरूरी वस्तुओं और उपकरणों पर जीएसटी वसूली जाती है।" कांग्रेस महासचिव ने आगे कहा, "10 साल में न किसानों को एमएसपी मिली, न आय दोगुनी हुई। कर्ज में डूबे किसानों का एक पैसा माफ नहीं हुआ, लेकिन चंद उद्योगपतियों का 16 लाख करोड़ माफ कर दिया गया।"

कृषि उपकरण जीएसटी मुक्त होंगे

किसानों से वादा करते हुए कांग्रेस महासचिव ने कहा, "कांग्रेस सरकार में किसानों का कर्ज माफ होगा। कृषि उपकरण जीएसटी मुक्त होंगे। एमएसपी की कानूनी गारंटी होगी। फसलों के नुकसान पर 30 दिन में मुआवजा मिलेगा। नई आयात-निर्यात नीति बनेगी।" उन्होंने एक दूसरे पोस्ट में कहा,"कांग्रेस की सरकार ने किसानों का 72,000 करोड़ का कर्ज माफ किया था। कांग्रेस फिर आएगी। एमएसपी की गारंटी, कर्जमाफी और अच्छी आमदनी के साथ खुशहाली लाएगी।"

Leave a comment