Tejawashi Yadav On Union Budget: बिहार विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बजट को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने बजट को गांव, ग्रामीण और गरीब विरोधी बताया है। तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार को हमेशा मोदी सरकार ने ठगने का काम किया है। बजट में पीएम मोदी ने सब कुछ गुजरात में देने का काम किया है। बिहार को ठेंगा दिखाया है।तेजस्वी यादव ने कहा कि विशेष पैकेज की बात तो छोड़िए। विशेष राज्य का दर्जा मिलेगा कि नहीं मिलेगा। उन्होंने पहले ही मना कर दिया है।
आंध्र प्रदेश को एक लाख करोड़ का पैकेज?
तेजस्वी यादव ने कहा कि चंद्रबाबू नायडू को बजट में एक लाख करोड़ से ज्यादा मिला। नीतीश कुमार और चंद्रबाबू नायडू के सहयोग से केंद्र सरकार चल रही है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अचेत अवस्था में है। उन्होंने कहा कि बिहार गरीब राज्य है, बिहार को स्पेशल पैकेज मिलना चाहिए। बिहार में कारखाना खोला जाए और पलायन रोका जाए। सीएम नीतीश कुमार के प्रगति यात्रा को दुर्गति यात्रा बताते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि नीतीश कुमार के चंद लोग पटना से प्रगति यात्रा में जाते हैं। प्रगति यात्रा में सब कुछ किराए पर लाया गया है। मुख्यमंत्री 25करोड़ 78लाख इस यात्रा पर खर्च कर रहे हैं। मुख्यमंत्री की यात्रा इतनी महंगी है तो समझिए कि आप कितने खर्चीले मुख्यमंत्री हैं।
महिलाओं को देंगे 2500 रुपए
तेजस्वी यादव ने कहा कि हमारी सरकार बनेगी तो माई-बहन मान योजना के तहत सभी महिलाओं को प्रत्येक महीने 2500 रुपए, विधवा और सामाजिक सुरक्षा पेंशन 400 से बढ़कर 1500, गैस सिलेंडर 500 में और 200 यूनिट बिजली फ्री दी देंगे। उन्होंने कहा कि हम लोग यात्रा के माध्यम से पार्टी को मजबूत संगठन के विचारधारा को जन-जन तक पहुंचने को लेकर कार्यकर्ता के साथ बातचीत करेंगे। तेजस्वी यादव ने अपने संवाद के दौरान बताया कि बिजली बिल, स्मार्ट मीटर और भूमि सर्वे से लोग परेशान हैं। उन्होंने कहा कि बिहार की बेरोजगारी और गरीबी कैसे दूर करें, बिहार को अव्वल राज्यों में कैसे लाया जाए इसका प्रयास हमलोग कर रहे हैं।
Leave a comment