jammu-kashmir Infiltration: जजम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में भारतीय सेना ने पाकिस्तानी आतंकियों की घुसपैठ की कोशिश को नाकाम कर उनके नापाक इरादों पर पानी फेर दिया। मंगलवार को नियंत्रण रेखा (LoC) के पास केरी क्षेत्र में हुई इस घटना में सेना ने त्वरित कार्रवाई कर आतंकियों को करारा जवाब दिया। इस अभियान के बाद सुरक्षाबलों ने राजौरी, पुंछ, सांबा और कठुआ में तलाशी अभियान तेज कर दिया है।
घुसपैठ की कोशिश नाकाम, एक आतंकी ढेर
सूत्रों के अनुसार, घने जंगलों की आड़ में 3-4 आतंकियों का समूह LoC पार कर भारत में घुसने की कोशिश कर रहा था। भारतीय सेना ने सतर्कता दिखाते हुए गोलीबारी की, जिसमें एक आतंकी मारा गया और एक घायल होकर पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) की ओर भाग गया। मारे गए आतंकी का शव LoC के पास पड़ा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि बाकी है। सेना ने ड्रोन की मदद से इलाके की निगरानी की और करीब दो दर्जन राउंड फायरिंग की।
पुंछ और कठुआ में व्यापक तलाशी अभियान
घुसपैठ की घटना के बाद सुरक्षाबलों ने पुंछ के सुरनकोट और मेंढर इलाकों में तलाशी अभियान चलाया। सीआरपीएफ, स्थानीय पुलिस और राष्ट्रीय राइफल्स की संयुक्त टीमों ने साड़ी, उस्तान, पठानखोर, लोहार मोहल्ला, चंडीमढ़, फागल, हरि टॉप, कागवाली, लिम्बा, उच्छड़ और कल्लार-गुरसाई जैसे इलाकों में छापेमारी की। कठुआ जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास बीन नाला, चारु मुठी, चक धुलमा, तरनाह और चक्रा गांवों में भी सर्च ऑपरेशन चलाया गया। अभी तक किसी आतंकी की गिरफ्तारी की खबर नहीं है।
अमरनाथ यात्रा के लिए सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता
3 जुलाई से शुरू होने वाली अमरनाथ यात्रा को देखते हुए सुरक्षाबलों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। उधमपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आमोद नागपुरे ने मंगलवार को एक ब्रीफिंग सत्र में संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा बढ़ाने, यातायात प्रबंधन और आपात स्थिति से निपटने की रणनीति पर चर्चा कीहै।