बंधकों को मिलेगी रिहाई! अब होगा 15 महीने से जारी युद्ध का अंत, जानें क्या है इजरायल-हमास सीजफायर समझौता?

बंधकों को मिलेगी रिहाई! अब होगा 15 महीने से जारी युद्ध का अंत, जानें क्या है इजरायल-हमास सीजफायर समझौता?

Israel Hamas Ceasefire: गाजा में 15 महीने से चल रहे युद्ध में उलझे इजरायल और हमास के बीच सीजफायर को लेकर सहमति बन गई है। यह सीजफायर 19 जनवरी से प्रभावी होगा। यानी दोनों के बीच के इस समझौते के बाद 15 महीनों से चल रही जंग अब अस्थाई तौर पर थमने जा रही है।

इजरायल और हमास सीजफायर

मिली जानकारी के अनुसार, सीजफायर समझौता मिस्र, कतर और अमेरिका की मध्यस्थता के जरिए हुई है। हमास की ओर से शेयर किए गए डॉक्यूमेंट की मानें तो यह सीजफायर आने वाले रविवार यानी 19 जनवरी से प्रभावी होगा। बता दें, सीजफायर तीन चरणों में होगा। पहले चरण में हमास 33 इजरायली बंधकों को रिहा करेगा। वहीं, इजरायल भी फिलिस्तीनी बंधकों को रिहा करेगा। यह सीजफायर 42 दिनों का बताया जा रहा है।

हमास के करीबी सूत्रों ने पहले एएफपी को बताया था कि इजरायल लगभग 1,000 फिलीस्तीनी कैदियों को रिहा करेगा। जबकि इजरायल सरकार के प्रवक्ता ने कहा कि सैकड़ों को रिहा किया जाएगा। बता दें, सीजफायर के पहले ही दिन रविवार को तीन महिला इजरायली बंधकों को रिहा किया जाएगा। सीजफायर शुरू होने के सातवें दिन हमास चार और इजरायली बंधक रिहा करेगा। इस तरह हमास हर सात दिन पर इजरायल के तीन बंधकों को रिहा करेगा। जिन-जिन फिलीस्तीनी कैदियों को रिहा किया जाना है, उसकी लिस्ट हमास ने नेतन्याहू सरकार को सौंप दी है।

सीजफायर का दूसरे चरण

बता दें, सीजफायर के दूसरे चरण के तहत दोनों ओर से सैन्य ऑपरेशन को स्थाई तौर पर रोक दिया जाएगा। इसके साथ ही गाजापट्टी से इजरायली फौजों को भी वापस बुला लिया जाएगा। तो वहीं, तीसरे चरण के तहत दोनों ओर के मृत नागरिकों के शवों को एक दूसरे को सौंपा जाएगा।

कब शुरु हुआ इजरायल-हमास युद्ध?

बता दें, इजरायल और हमास के बीच का ये युद्ध 7 अक्टूबर 2023 को शुरू हुआ था। जब हमास के लड़ाकों ने दक्षिणी इजरायल पर हमला कर 1200 लोगों की हत्या कर दी थी। इसके अलावा 250 से अधिक लोगों को बंधक बना लिया था। इसके जवाब में इजरायल ने हमास के खिलाफ जंग छेड़ दी थी।

Leave a comment