Monsoon Update: दिल्ली-NCR में जारी हुआ रेड अलर्ट, तापमान 44 के पार, जानें मानसून कब तक देगा दस्तक

Monsoon Update: दिल्ली-NCR में जारी हुआ रेड अलर्ट, तापमान 44 के पार, जानें मानसून कब तक देगा दस्तक

Monsoon Update: दक्षिण-पश्चिम मानसून देश के दक्षिणी छोर निकोबार द्वीप समूह से टकराता है। इसके बावजूद उत्तर भारत में अगले कुछ दिनों तक भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। मौसम विभाग ने रविवार को दिल्ली-एनसीआर के लिए रेड हीट अलर्ट जारी किया। साथ ही कहा कि इस हफ्ते दिल्ली में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। रविवार को तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस था। आगरा 47.7 डिग्री सेल्सियस के साथ यूपी का सबसे गर्म शहर रहा। कानपुर भी 47 डिग्री तक पहुंच गया।

मौसम विभाग ने कहा कि दक्षिण पश्चिम मानसून मालदीव के कुछ हिस्सों, कोमोरिन क्षेत्र और दक्षिण बंगाल की खाड़ी, निकोबार द्वीप समूह और दक्षिण अंडमान सागर के कुछ हिस्सों तक पहुंच गया है। 31 मई को मानसून के केरल पहुंचने की उम्मीद है। विभाग ने अगले पांच दिनों में केरल में भारी बारिश की भविष्यवाणी की है। साथ ही 20 मई को तीन जिलों पथानामथिट्टा, कोट्टायम और इडुक्की के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है।

पांच दिन भीषण गर्मी

वरिष्ठ मौसम विज्ञानी नरेश कुमार ने बताया, उत्तर भारत में अगले सप्ताह तक भीषण गर्मी जारी रहेगी। राजस्थान, पंजाब और हरियाणा में पांच दिनों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। यूपी में 3-4 दिन तक चलेगी लू। उत्तरी मध्य प्रदेश में भी लू का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। देश में कई जगहों पर दिन का तापमान 48 डिग्री तक पहुंच गया है।

पहाड़ों पर भी जारी है गर्मी का प्रकोप

शिमला और धर्मशाला समेत हिमाचल प्रदेश के 10 शहरों में लू का सामना करना पड़ा। अगले चार दिनों तक लू चलने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। ऊना का अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री रहा।

Leave a comment