हिमाचल के इस शहर में दो दिन पहले मनाई जाएगी होली, जानें इसके पीछे की वजह

हिमाचल के इस शहर में दो दिन पहले मनाई जाएगी होली, जानें इसके पीछे की वजह

मंडी: हर वर्ष की भांति इस बार भी छोटी काशी मंडी में रंगों का त्योहार होली बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। हर वर्ष होली के उपलक्ष पर जहां शहर में राज माधव राय की पालकी निकाली जाती है, वहीं ऐतिहासिक सेरी मंच पर बड़े कार्यक्रम का आयोजन कर खूब गुलाल उड़ाया जाता है। मंडी शहर में मनाए जाने वाले होली महोत्सव की खास बात यह है कि यहां पर होली एक दिन पहले मनाई जाती रही है।

इस बार होली का उत्सव 8 मार्च को मनाया जाएगा, लेकिन छोटी काशी मंडी में इस बार होली 8 मार्च की जगह 6 मार्च को मनाई जाएगी। यानी होली के 2 दिन पूर्व ही मंडी शहर में गुलाल उडेगा। वहीं मंडी जिला के तहत आने वाले कुल 12 उपमंडलों में से 11 उपमंडल में 6 और सिर्फ एक सुंदरनगर उपमंडल में 7 मार्च का सार्वजनिक अवकाश जिला प्रशासन द्वारा घोषित कर दिया गया है। ज्योतिष शास्त्र की माने तो हिमाचल में सूर्य उदय व सूर्य अस्त के अनुसार 7 मार्च को भद्रां है। भद्रां होने के चलते 6 मार्च को ही होली मनाई जाएगी। उपायुक्त मंडी अरिंदम चौधरी ने जिला में 6 मार्च को सार्वजनिक अवकाश की घोषणा की है। सहायक आयुक्त राकेश कुमार शर्मा ने बताया कि सुंदरनगर उपमंडल को छोड़कर पूरे जिले में 6 मार्च को अवकाश रहेगा।

वहीं होली उत्सव को लेकर मंडी शहर में बाजार सजना शुरू हो गए हैं। ऐतिहासिक  सेरी रैली मंच रहित शहर की दुकानों में होली के रंग, गुलाल, बच्चों की पिचकारियों की बिक्री शुरू हो गई है। 6 मार्च को मंडी में होने वाले होली उत्सव को लेकर जिला प्रशासन ने सार्वजनिक अवकाश घोषित कर दिया है। दुकानदारों की माने तो होली उत्सव के लिए वे केमिकल रहित रंगों की बिक्री कर रहे हैं, ताकि होली के रंगों से किसी के स्वास्थ्य पर विपरीत प्रभाव ना पड़े।

बता दें कि हर वर्ष मंडी शहर के ऐतिहासिक सेरी मंच पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है। जिसमें युवक युवितियों सहित मंडी वासी डीजे की धुनों पर थिरकर खुब गुलाल उड़ाते नजर आएंगे। मंडी के होली की एक खास बात और है कि यहां पर प्रदेश ही नहीं बल्कि बाहरी राज्यों के लोग भी यहां पर होली का खूब आनंद लेते हैं। वहीं इस दिन दोपहर बाद शहर में राज माधव राय की पालकी एक शोभा यात्रा के रूप में निकाली जाएगी, जिसमें शहरवासी अपने राजा के साथ होली खेलेंगे।

Leave a comment