
यमुनानगर: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की माता श्रीमती हरपाल कौर यमुनानगर के कपालमोचन तीर्थ पर पहुंची। जहां उन्होने तीनों सरोवरों में स्नान कर पूजा अर्जना की और गुरुद्वारे में अरदास की। पूजा करने के बाद हरपाल कौर लोहगढ़ साहिब के लिए रवाना हुई। उन्होने बताया कि उन्होने अपने परिवार के लिए कपालमोचन में काफी मन्नतें मांगी हुई हैं और आज भी मांग कर जा रही हैं
हरियाणा के यमुनानगर में स्थित कपालमोचन तीर्थ में हिंदू और सिख समुदाय की काफी आस्था है. पुराणों में कपाल मोचन तीर्थ का प्राचीन नाम गोपाल मोचन और सोमेसर मोचन था। इसका वर्णन महाभारत और वामन महापुराण में वर्णित है. श्री गुरू नानक देव जी भी यहां पर आये थे और उन्होंने भी यहां पर मानवता का संदेश दिया था। सन 1688 में भांगानी की लड़ाई के बाद श्री गुरु गोबिंद सिंह जी भी कपालमोचन पधारे और पहाड़ी शासकों के खिलाफ इस विजयी युद्ध में लड़े सैनिकों को सम्मान स्वरूप पगड़ी भेंट की थी और इसी स्थान पर 52 दिन ठहरे थे। उन्होंने कपालमोचन और ऋणमोचन में स्नान किया व अपने अस्त्र-शस्त्र धोये थे।
श्रीगुरू गोबिंद सिंह जी यहां पर दो बार पधारे हैं
कपालमोचन और ऋणमोचन सरोवर के बीच में एक अष्टकोण आकार का गुरूद्वारा भी स्थित है। जहां पर श्रीगुरू गोबिंद सिंह जी ने वरदान दिया था। जो भी कार्तिक पूर्णिमा पर गुरूपूर्व के अवसर पर यहां पर कोई भी मनोकामना करेगा उसकी मनोकामना शीघ्रातीशीघ्र पूरी होगी। जिस कारण इस दिन लाखों सिख संगत यहां पर श्रीगुरू नानक देव जी का प्रकाश पर्व मनाती है। श्रीगुरू नानक देव जी इस स्थान पर एक बार और श्रीगुरू गोबिंद सिंह जी यहां पर दो बार पधारे हैं और इसी ही स्थान पर अपना घोड़ा भी बांधा था। यहां हर साल कार्तिक पूर्णिमा के दिन लाखों की संख्या में श्रद्धालु स्नान करने पहुंचते हैं। जिसके चलते पंजाब के मुख्यमंत्री की मां मेले से 3 दिन पहले ही यहां स्नान करने पहुंची और पूजा अर्चना की।
पिछले साल मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने किया था स्नान
पिछले साल यहां हरियाणा के मुख्यमंत्री भी स्नान करने पहुंचे थे। ये कपालमोचन मेले का ऐसा इतिहास था कि जब दूसरी बार यहां कोई मुख्यमंत्री स्नान करने पहुंचा था। क्योंकि इससे पहले बंसीलाल जब पहली बार मुख्यमंत्री बने थे तो अपने कार्यकाल के आखिरी साल 1972 में वह भी कपालमोचन में आए थे। फिलहाल देखना होगा इस बार कपालमोचन मेले में आखिर क्या कुछ खास रहने वाला है।
Leave a comment