अमेरिका में करनाल के युवक की मौत हादसे में गई जान, 45 लाख खर्च करके डंकी के रास्ते गया था US, ट्रक चलाता था

अमेरिका में करनाल के युवक की मौत हादसे में गई जान, 45 लाख खर्च करके डंकी के रास्ते गया था US, ट्रक चलाता था

HARYANA NEWS: हरियाणा के करनाल के एक युवक की अमेरिका में हुए सड़क हादसे में मौत हो गई। मृतक की पहचान 24वर्षीय आशीष मान के रूप में हुई है, जो वजीरचंद कॉलोनी का रहने वाला था। आशीष ट्रक ड्राइवर का काम करता था और परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने का सपना लेकर अमेरिका गया था।

हादसा किस वजह से हुआ, इसको लेकर अभी तक कोई साफ जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन बताया जा रहा है कि ट्रक सड़क किनारे खड़े पेड़ से टकराया। इस घटना की सूचना जब परिवार को मिली तो पूरे घर में कोहराम मच गया। माता-पिता और भाई हादसे की खबर सुनकर सदमे में हैं और घर का माहौल गमगीन हो गया है। मृतक के भाई अंकुर ने बताया कि आशीष पिछले वर्ष में डंकी के रास्ते अमेरिका गया था। उसे भेजने के लिए परिवार ने करीब 45लाख रुपए खर्च किए थे, जिनमें से अधिकांश पैसा कर्ज लेकर जुटाया गया था। आशीष पिछले एक साल से अमेरिका में ट्रक ड्राइविंग कर रहा था।

परिवार में कोहराम

अंकुर ने बताया कि उनको पता चला कि हादसा वहां दोपहर करीब ढाई बजे हुआ। घटना किसी "ग्रीन वैली" नामक जगह के पास हुई बताई जा रही है। परिवार को अमेरिका से रात के समय फोन आया और उन्हें इस दुखद घटना के बारे में जानकारी मिली। अंकुर का कहना है कि आशीष से रोजाना बातचीत होती थी, लेकिन हादसे वाले दिन उसका फोन लगातार स्विच ऑफ आ रहा था। आशीष के माता-पिता और दोनों भाइयों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिवार का कहना है कि छोटे बेटे के सपनों को पूरा करने के लिए उन्होंने कर्ज तक ले लिया था।

Leave a comment