गुरुग्राम पुलिस का एक्शन, फर्जीवाड़ा करके प्लॉट बेचने वाले आरोपी को किया गिरफ्तार

गुरुग्राम पुलिस का एक्शन, फर्जीवाड़ा करके प्लॉट बेचने वाले आरोपी को किया गिरफ्तार

Gurugram News: गुरुग्राम पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा-I (EOW-I) ने एक बड़े फर्जीवाड़ा मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए 1 आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने दूसरों की जमीन/प्लॉट की फर्जी जीपीए बनवाकर करोड़ों रुपये की ठगी की थी। जानकारी के अनुसार, 3 जुलाई 2025 को पुलिस थाना सुशांत लोक, गुरुग्राम में शिकायत दर्ज हुई। शिकायतकर्ता ने बताया कि उनके ससुर और सास के नाम सुशांत लोक, गुरुग्राम में एक मकान/प्लॉट था।

उनकी मृत्यु के बाद जब उन्होंने उस प्लॉट की डिग्री अपने नाम करवाने नगर निगम पहुंचे, तो पता चला कि उनका प्लॉट किसी राहुल जोशी और सोनिया जोशी के नाम पर रजिस्टर्ड हो चुका था। जांच में यह सामने आया कि यह फर्जी रजिस्ट्री आरोपी गौरव कटारिया ने उनके नाम पर करवाई थी।

प्लॉट को बेचकर की ठगी

प्लॉट की नोएडा वजीराबाद (उत्तर प्रदेश) में फर्जी जीपीए बनवाई गई थी। इसके आधार पर दिनांक 06 फरवरी 2025 को रजिस्ट्री की गई थी। जबकि सास संतोष कक्कड़ का निधन 2020 में और ससुर रविन्द्र कक्कड़ का 2019 में हो चुका था। इस फर्जी जीपीए और रजिस्ट्री के जरिए आरोपी ने प्लॉट को बेचकर ठगी की थी।

पुलिस ने किया मामला दर्ज

पुलिस ने बताया कि शिकायत के आधार पर पुलिस थाना सुशांत लोक में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया और आर्थिक अपराध शाखा-I ने अनुसंधान शुरू किया। तकनीकी और पुलिस प्रणाली की मदद से जांच के बाद आरोपी को 12 फरवरी 2026 को खन्ना, पंजाब से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान हंसराज कुमार के रूप में हुई। शुरूआती पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह खन्ना, पंजाब में टैक्सी चलाता है। उसने अपने साथी गौरव कटारिया के साथ मिलकर योजनाबद्ध तरीके से फर्जी जीपीए बनवाई और इसे अपने साथी के नाम करवा दिया। इसके बाद दोनों ने उपरोक्त प्लॉट को राहुल जोशी और सोनिया जोशी को 2 करोड़ रुपये में बेच दिया।

पुलिस करेगी कड़ी कार्रवाई

पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आगे की कार्रवाई के लिए उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस हिरासत में रिमांड के दौरान आरोपी से उसके अन्य साथियों की पहचान, अन्य संभावित वारदातों और ठगी की गई राशि से संबंधित दस्तावेजों की बरामदगी के लिए विस्तृत पूछताछ की जाएगी। अभियोग का अनुसंधान जारी है और पुलिस ने फर्जीवाड़ा करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिया है। 

Leave a comment