धनतेरस के मौके पर सोने का भाव में हुई बढ़ोतरी, चांदी की कीमत में गिरावट

धनतेरस के मौके पर सोने का भाव में हुई बढ़ोतरी, चांदी की कीमत में गिरावट

Gold Rate on Dhanteras: धनतेरस के मौके पर सोना-चांदी खरीदना शुभ माना जाता है, लेकिन इस साल सोने का भाव आसमान छू रहा है। दिल्ली से लेकर मुंबई तक सोना हर रोज नए रिकॉर्ड तोड़ रहा है। धनतेरस पर 12 बजे नए भाव खुलने से पहले सोना 3200 रुपये उछाल के साथ रिकॉर्ड 1 लाख 34 हजार 800 रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गया। इंडियन बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन के अनुसार, सर्राफा बाजार और खुदरा विक्रेताओं की त्योहारी खरीद की वजह से दिल्ली सर्राफा बाजार में सोने का भाव लगातार बढ़ता हुआ नजर आ रहा है। वहीं, चांदी की कीमत में 7 हजार रुपये की गिरावट देखी गई।

धनतेरस पर सोना रहेगा महंगा

सर्राफा बाजार के अनुसार, दिवाली और धनतेरस के दौरान ज्यादा बिक्री की उम्मीद में ज्वेलर्स ने जमकर खरीदारी की और ग्राहकों की मांग भी बढ़ने की उम्मीद से सोना के दाम लगातार बढ़ गए हैं। शनिवार, 18 अक्टूबर को धनतेरस के दिन भी यही रुख रहने की संभावना जताई गई। दिवाली तक सोने और चांदी में यही ट्रेंड दिखने को मिल सकता है। त्योहार और शादी ब्याह के सीजन के अलावा निवेशक और भारतीय रिजर्व बैंक समेत दुनिया भर में केंद्रीय बैंकों की खरीद से भी सोने में तेजी लगातार कायम है।

सोने की खरीद में बढ़ोतरी

बुलियन एक्सपर्ट ने बताया कि सोने की तगड़ी डिमांड के कारण कीमत बढ़ने की संभावना है। अक्टूबर के अंत तक ये डेढ़ लाख रुपये के आसपास भी पहुंच सकती है। अमेरिका में शटडाउन से डॉलर की स्थिति लगातार कमजोर बनी हुई है। यूक्रेन-रूस युद्ध की वजह से निवेशक और केंद्रीय बैंक सोने की जमकर खरीदारी कर रहे हैं। अमेरिकी अर्थव्यवस्था में असमंजस और ब्याज दरों में और कमी जैसी वजहों से निवेशकों का झुकाव सोने की ओर बढ़ गया है। 

Leave a comment