
ED raids on Karnataka Congress MLA:कर्नाटक में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कांग्रेस विधायक केसी वीरेंद्र के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग और अवैध सट्टेबाजी के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। 23 अगस्त 2025 को हुई छापेमारी में उनके ठिकानों से 12 करोड़ रुपये नकद और 6 करोड़ रुपये की सोने की ज्वैलरी जब्त की गई। ईडी ने कर्नाटक के चित्रदुर्ग, बेंगलुरु, हब्बलि के अलावा गोवा, मुंबई और राजस्थान के जोधपुर में 31स्थानों पर तलाशी ली। इनमें गोवा के पांच प्रमुख कैसिनो—पप्पीज़ कैसिनो गोल्ड, ओशन रिवर्स, पप्पीज़ कैसिनो प्राइड, ओशन 7 और बिग डैडी शामिल हैं। जांच में पता चला कि वीरेंद्र और उनके सहयोगी किंग 567, राजा 567, पप्पी के 003 और रत्ना गेमिंग जैसे अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी मंच चला रहे थे। इस कार्रवाई के दौरान वीरेंद्र को सिक्किम के गंगटोक से हिरासत में लिया गया, जहां वह कथित तौर पर कैसिनो लीज के लिए गया था।
दुबई से संचालित कारोबार और पूर्व विवाद
ईडी की जांच में खुलासा हुआ कि वीरेंद्र के भाई, केसी थिप्पेस्वामी, दुबई से डायमंड सॉफ्टेक, टीआरएस टेक्नोलॉजी और प्राइम 9टेक्नोलॉजी नामक तीन कंपनियों के जरिए कॉल सेंटर और गेमिंग कारोबार संचालित कर रहे थे। यह कार्रवाई शुक्रवार, 22 अगस्त को शुरू हुई थी और शनिवार को भी जारी रही। वीरेंद्र के चित्रदुर्ग स्थित निवास और बेंगलुरु के वसंत नगर में उनके अपार्टमेंट सहित कई ठिकानों पर तलाशी ली गई। इससे पहले 2016 में, जब वीरेंद्र जेडी(एस) में थे, आयकर विभाग ने उनके घर से 5.7करोड़ रुपये नकद और 32किलो सोना बरामद किया था। सीबीआई जांच में बैंक अधिकारियों के साथ मिलीभगत से नोटबंदी के दौरान अवैध मुद्रा विनिमय का खुलासा हुआ था। वीरेंद्र, जो 2023में कांग्रेस में शामिल हुए और चित्रदुर्ग से विधायक बने, कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के करीबी माने जाते हैं।
Leave a comment