दिल्ली पुलिस का मास्टरप्लान, 100 दिन में ट्रैफिक और हादसों पर लगेगा ब्रेक!

दिल्ली पुलिस का मास्टरप्लान, 100 दिन में ट्रैफिक और हादसों पर लगेगा ब्रेक!

Delhi Police 100 Day Action Plan: दिल्ली पुलिस ने राजधानी में ट्रैफिक सुधार और सड़क हादसे कम करने के लिए 100दिन का एक्शन प्लान शुरू किया है। इस योजना का मकसद ट्रैफिक भीड़ को नियंत्रित करना, सड़क सुरक्षा बढ़ाना और लोगों को नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करना है।

बता दें कि,एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के मुताबिक, इस योजना में 25अहम सुधार किए जाएंगे। इनमें बस स्टैंड का स्थान बदलना, टूटी सड़कों की मरम्मत, सही जगहों पर संकेत बोर्ड और जेब्रा क्रॉसिंग बनाना शामिल हैं।

अतिक्रमण और सड़क बाधाएं हटाने पर जोर

सड़क किनारे बने अवैध ठिए-ठिकाने और कचरा डंपिंग यार्ड हटाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। जल निकासी व्यवस्था को सुधारा जाएगा, जिससे बारिश में जलभराव और गड्ढों की समस्या कम हो सके।

बाजारों और सार्वजनिक जगहों का सुधार

सप्ताहिक बाजारों को बेहतर ढंग से व्यवस्थित किया जाएगा। एमसीडी द्वारा तय वेंडिंग जोन का पुनर्गठन होगा। पैदल यात्रियों के लिए अंडरपास और फुटओवर ब्रिज का सही इस्तेमाल सुनिश्चित किया जाएगा।

यातायात नियम अब स्कूल पाठ्यक्रम में

बच्चों को ट्रैफिक नियमों की जानकारी देने के लिए स्कूली पाठ्यक्रम में यातायात से जुड़े विषय जोड़े जाएंगे। इसके अलावा, हाइट बैरियर, बोलार्ड लेन डिसिप्लिन सिस्टम, सेंट्रल वर्ज पर ग्रिल और टैक्सी पार्किंग की उचित व्यवस्था की जाएगी।

एजेंसियों के साथ समन्वय बढ़ेगा

दिल्ली पुलिस इस योजना को सफल बनाने के लिए अन्य एजेंसियों के साथ मिलकर काम करेगी, जिससे ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार हो सके।

लागू करने में चुनौतियां

हालांकि, इस योजना को लागू करने में कई चुनौतियां भी हैं। इनमें खराब सड़क डिजाइन, बस स्टैंड और रैन बसेरों की अनुचित स्थिति, सड़क पर घूमने वाले आवारा पशु और पैदल यात्रियों के लिए क्रॉसिंग की कमी शामिल हैं।

लेकिन अधिकारियों का मानना है कि इन सुधारों से दिल्ली की ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव आएगा और सड़क सुरक्षा पहले से बेहतर होगी।

Leave a comment