Delhi News: राजधानी दिल्ली के मुंडका थाना क्षेत्र स्थित टिकरी कला सीएनजी पंप पर बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक ट्रक में लगे सीएनजी सिलेंडर में अचानक तेज धमाका हो गया। विस्फोट इतना जोरदार था कि आसपास मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। जबकि कई लोग घायल हो गए।
सीएनजी पंप से मिली जानकारी के अनुसार दमकल विभाग को शाम 3:37 बजे आग लगने की सूचना मिली, जिसके बाद कई दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया गया। जानकारी के अनुसार, इस हादसे में छह लोग घायल हुए हैं, जबकि तीन लोगों की मौत की पुष्टि की जा रही है। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। घटना की गंभीरता को देखते हुए दमकल विभाग, दिल्ली पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर जांच में जुटी हुई है।
हादसे की जांच में जुटी पुलिस
बाहरी जिले के डीसीपी भी स्वयं घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। फिलहाल विस्फोट के कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच जारी है। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र को घेरकर लोगों की आवाजाही सीमित कर दी है।