
West Bengal News: पश्चिम बंगाल के चक्रधरपुर रेल मंडल में सोमवार को एक बड़ा रेल हादसा टल गया, जब पश्चिम सिंहभूम के मनोहरपुर थाना क्षेत्र में हावड़ा-मुंबई मुख्य रेलमार्ग की थर्ड लाइन पर अज्ञात लोगों ने रेल पटरियों की पेंड्रोल क्लिप्स के साथ छेड़छाड़ की। यह घटना घाघरा गांव के पास, रेलवे किलोमीटर पोल 364/1A से 366/11A के बीच हुई, जहां करीब 1.75किलोमीटर तक पटरियों की चाबी कहलाने वाली पेंड्रोल क्लिप्स को हटाकर एक जगह फेंक दिया गया था। ड्यूटी पर तैनात कीमैन ने इस साजिश को समय रहते भांप लिया और तुरंत पोसैता स्टेशन मास्टर को सूचना दी, जिसके बाद रेल मंडल में हड़कंप मच गया।
तुरंत कार्रवाई, ट्रेन परिचालन रोका गया
कीमैन की सूचना पर रेलवे ने तत्काल एक्शन लिया और सुबह 11:23बजे गोईलकेरा-मनोहरपुर के बीच थर्ड लाइन पर ट्रेनों का परिचालन रोक दिया। आरपीएफ, जिला पुलिस और रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच में पाया कि हटाई गईं पेंड्रोल क्लिप्स पोल 366/5A के पास एकत्रित थीं। रेलवे की तकनीकी टीम ने तेजी से मरम्मत शुरू की और कुछ घंटों में लाइन को दोबारा चालू कर दिया गया। इस सतर्कता ने एक बड़े हादसे को टाल दिया, जो रेलवे सूत्रों के अनुसार, इतनी लंबी दूरी तक क्लिप्स हटने से विनाशकारी हो सकता था।
नक्सली कनेक्शन की आशंका, जांच तेज
यह इलाका सारंडा के नक्सल प्रभावित जंगलों में आता है, जहां रविवार को करमपदा में नक्सलियों ने बम विस्फोट से रेल पटरी उड़ाई थी, जिसमें एक रेलकर्मी की मौत और एक अन्य को चोटें आई थीं। मनोहरपुर की इस घटना को भी नक्सली साजिश से जोड़कर देखा जा रहा है, हालांकि जांच पूरी होने पर ही साफ तस्वीर सामने आएगी। आरपीएफ और जिला पुलिस मामले की गहराई से छानबीन कर रही हैं, और रेलवे ने सुरक्षा को लेकर अलर्ट जारी किया है।
Leave a comment