
Samrat Choudhary: बिहार के डिप्टी सीएम और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने अयोध्या के सरयू नदी में डुबकी लगाई। इस दौरान डिप्टी सीएम ने अपनी पगड़ी खोल दी। उन्होंने 22 महीने के बाद पगड़ी खोलकर उसको रामलला को समर्पित किया है। पगड़ी को उतारने से पहले उन्होने वहां मौजूद सभी लोगों को प्रणाम किया। इससे पहले वो मुंडन भी करा चुके थे।
सरयू नदी में डुबकी लगाने के बाद मीडिया से बात करते हुए सम्राट चौधरी ने कहा, भगवान राम को समर्पण करना था और आज अयोध्या नगरी में आकर सरयू नदी में स्नान करके ये मुरेठा (पगड़ी) पिछले 22-23 महीने से बांधकर रखा था। ये भगवान राम के चरणों में समर्पित करूंगा।
सोशल मीडिया पर किया पोस्ट
सरयू नदी में डुबकी लगाने के बाद उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर भी पोस्ट किया और लिखा, बंदउँ अवध पुरी अति पावनि। सरजू सरि कलि कलुष नसावनि॥ प्रनवउँ पुर नर नारि बहोरी। ममता जिन्ह पर प्रभुहि न थोरी॥ सुबह अयोध्या धाम में पवित्र सरयू नदी में डुबकी लगाई और हमारे इष्ट, प्रभु श्रीराम को स्तुति कर मुरेठा खोला। जय अयोध्या धाम की। जय-जय श्रीराम की।।
लिया था संकल्प
बता दें, सितंबर 2022 में सम्राट चौधरी ने अपनी मां के निधन के बाद पगड़ी बांधी थी। इस दौरान उन्होंने संकल्प लिया था कि नीतीश कुमार को जब तक मुख्यमंत्री की कुर्सी से नहीं हटा देंगे, तब तक वह मुरेठा नहीं उतारेंगे। उस दौरान नीतीश कुमार महागठबंधन में थे और सम्राट चौधरी की पार्टी बीजेपी विपक्ष में थी। फिर जनवरी 2024 में राजनीतिक समीकरण बदले और नीतीश कुमार एनडीए में शामिल हो गए।
Leave a comment