Festival Special Trains: त्योहारी सीजन में घर जाने वाले यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए उत्तर मध्य रेलवे (NCR) ने बड़ा फैसला लिया है। रेलवे ने 1,000 से ज्यादा स्पेशल ट्रेन ट्रिप चलाने की घोषणा की है। इन ट्रेनों का मकसद उन यात्रियों को राहत देना है, जिन्हें नियमित ट्रेनों में कन्फर्म टिकट नहीं मिल पा रहा है। इससे लोग त्योहारों पर अपने घर और परिवार के बीच आसानी से पहुंच सकेंगे।
1,053 ट्रेन ऑन डिमांड ट्रिप का ऐलान
उत्तर मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (CPRO) डॉ. शिवम शर्मा के मुताबिक, 19 सितंबर 2026 तक कुल 1,053 Trains on Demand (TOD) ट्रिप घोषित की जा चुकी हैं। ये स्पेशल ट्रेनें 1 अक्टूबर से 30 नवंबर 2026 तक चलेंगी। यानी 61 दिनों के पूरे त्योहारी सीजन में यात्रियों को अतिरिक्त ट्रेनों की सुविधा मिलेगी। रेलवे के अनुसार, इन ट्रेनों की संख्या और फ्रीक्वेंसी यात्रियों की मांग के आधार पर तय की जाएगी। कुछ स्पेशल ट्रेनें इस अवधि में सिर्फ एक बार चलेंगी, जबकि कुछ सेवाओं को सप्ताह में एक या दो बार संचालित किया जाएगा।
कई बड़े शहरों के लिए मिलेगी ट्रेन
NCR की ओर से घोषित स्पेशल ट्रेनें कई महत्वपूर्ण रूट पर चलेंगी। इनमें कोलकाता, प्रयागराज, कानपुर सेंट्रल, नई दिल्ली, पलवल, आनंद विहार टर्मिनल, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी जंक्शन, हजरत निजामुद्दीन, ग्वालियर और दादरी जैसे स्टेशन शामिल हैं। इसके अलावा यात्रियों को पुणे, हडपसर, खजुराहो, तिरुचानूर और आगरा कैंट जैसे प्रमुख शहरों और स्टेशनों के लिए भी अतिरिक्त ट्रेन सेवाएं मिलेंगी।
वेटिंग लिस्ट पर रेलवे की नजर
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, अलग-अलग रूट की ट्रेनों में वेटिंग लिस्ट पर लगातार नजर रखी जा रही है। टिकट बुकिंग और अलग-अलग प्लेटफॉर्म से मिलने वाली यात्री मांग के आंकड़ों का विश्लेषण किया जा रहा है। इसी आधार पर जरूरत वाले रूट पर अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनें चलाने की योजना बनाई जा रही है। NCR ने यह भी संकेत दिया है कि यात्रियों की मांग बढ़ने पर स्पेशल ट्रेनों की सूची को आगे और बढ़ाया जा सकता है।
स्टेशनों पर भीड़ संभालने की तैयारी
त्योहारी सीजन में स्टेशनों पर यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे ने क्राउड मैनेजमेंट पर भी विशेष ध्यान दिया है। यात्रियों की मदद और भीड़ को व्यवस्थित रखने के लिए अतिरिक्त कॉमर्शियल स्टाफ और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी। इसके साथ ही स्टेशनों पर साफ-सफाई बनाए रखने पर भी जोर दिया जा रहा है। रेलवे का कहना है कि चल रहे स्वच्छता अभियान को ध्यान में रखते हुए सफाई व्यवस्था को बेहतर रखने की कोशिश की जा रही है। NCR का लक्ष्य त्योहारी सीजन में यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और आरामदायक यात्रा उपलब्ध कराना है।
Also read: Rajya Sabha Election 2026: राज्यसभा की 12 सीटों पर चुनाव की तारीखों का ऐलान, UP-उत्तराखंड-बंगाल में 16 अक्टूबर को होगी वोटिंग; देखें पूरा शेड्यूल