
शारजाह:आईपीएल 7 के दूसरे मैच में बैंगलोर रॉय चैलेंजर्स ने दिल्ली डेयरडेविल्स को आसानी से हरा दिया। बैंगलोर की तरफ से कप्तान विराट कोहली, युवराज सिहं और पार्थिव पटेल ने बेहतरीन बल्लेबाजी की। बैंगलोर ने 16.3 ओवर में ही 146 रनों का लक्ष्य हासिल कर लिया। युवराज सिंह नाबाद 52, कोहली नाबाद 49 रन बनाकर पवेलियन लौटे। पार्थिव ने 37 रनों की पारी खेली।
इससे पहले जे पी डुमिनी (नाबाद 67 रन) और रॉस टेलर (नाबाद 43 रन) के बीच 110 रन की रिकॉर्ड साझेदारी की बदौलत दिल्ली डेयरडेविल्स ने रायल चैलेंजर्स बेंगलूरु के खिलाफ आईपीएल 7 मैच में खराब शुरूआत से उबरते हुये चार विकेट पर 145 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाया। दिल्ली ने टास हारने के बाद खराब शुरूआत की और 7.1 ओवर में अपने चार विकेट मात्र 35 रन पर गंवा दिए, लेकिन डुमिनी और टेलर ने पहले पारी को संभाला और फिर आखिरी पांच ओवर में 63 रन ठोक डाले।
डुमिनी और टेलर ने 12.5 ओवर में 110 रन की अविजित साझेदारी की जो दिल्ली के लिये पांचवें विकेट का नया रिकॉर्ड है। डुमिनी ने 48 गेंदों पर नाबाद 67 रन में चार चौके और तीन छक्के उडाए जबकि टेलर ने 39 गेंदों पर नाबाद 43 रन में चार चौके लगाए। दिल्ली ने छह ओवर के पावरप्ले में 30 रन पर तीन विकेट खोए थे। दिल्ली के 50 रन 10.1 ओवर में पूरे हुए थे और तब लगा रहा था कि दिल्ली 125 के आसपास भी मुश्किल से पहुंच पाएगी।
लेकिन दिल्ली के दोनों विदेशी बल्लेबाजों ने काफी सूझबूझ के साथ बल्लेबाजी की और स्लाग ओवरों में हाथ खोले। डुमिनी खासे आक्रमक रहे। उन्होंने 18 वें ओवर में अशोक डिंडा पर छक्का, चौका और फिर 20वें ओवर में इसी गेंदबाज की आखिरी दो गेंदों पर छक्का और चौका लगाया।
दिल्ली ने डिंडा के पारी के 18 वें ओवर में 14 रन, मिचेल स्टार्क के 19 वें ओवर में 13 रन और डिंडा के 20वें ओवर में 17 रन बटोरे। इससे पहले दिल्ली की पारी की शुरूआत में मयंक अग्रवाल छह, कप्तान दिनेश कार्तिक शून्य, मनोज तिवारी एक और मुरली विजय 18 रन बनाकर आउट हुए। डिंडा ने अपने चार ओवर में 51 रन लुटाए जबकि स्टार्क ने 33 रन पर एक विकेट, एल्बी मोर्कल ने 18 रन पर एक विकेट, वरूण आरोन ने नौ रन पर विकेट और लेग स्पिनर युजवेन्द्र चहल ने 18 रन पर एक विकेट लिया।
Leave a comment