वाराणसी: कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा उत्तर प्रदेश के वाराणसी में पहुंच चुकी है। इस दौरान उन्होंने एक जनसभा को संबोधित किया। राहुल गांधी ने कहा कि हमने 4,000 किलोमीटर की 'भारत जोड़ो यात्रा' की। यात्रा के दौरान किसान, मजदूर, छोटे व्यापारी और महिलाएं मिलीं। उन सबने मुझसे मिलकर अपनी पीड़ा बताई। BJP-RSS के लोग भी कई जगह मिले, लेकिन पूरी यात्रा में मुझे नफरत कहीं नहीं दिखी।
राहुल गांधी ने कहा कि भारत मोहब्बत का देश है, नफरत का नहीं। देश तभी मजबूत होता है, जब सभी एकजुट होकर काम करते हैं। वहीं राहुल गांधी ने यात्रा के दौरान एक युवक से बात की। राहुल गांधी ने बताया कि वाराणसी में 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' के दौरान एक युवक ने सुनाई अपनी बेरोजगारी की कहानी। कैसे एक युवक और उसका परिवार पढ़ाई में लाखों रुपए खर्च करने के बाद भी खाली हाथ और टूटे सपनों के साथ इधर-उधर भटक रहा है। ये युवा अन्याय है और हम इसी के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद कर रहे हैं।
देश में आज 2 सबसे बड़े मुद्दे हैं- राहुल गांधी
राहुल गांधी ने कहा कि देश में आज 2 सबसे बड़े मुद्दे हैं। पहला बेरोजगारी और दूसरा महंगाई। आज 2 हिंदुस्तान बन गए हैं। एक अरबपतियों का, दूसरा गरीबों का देश के बड़े-बड़े मीडिया संस्थान अडानी और अंबानी के हैं। ये लोग किसान, मजदूर, गरीबों को नहीं दिखाते। 24 घंटा केवल नरेंद्र मोदी को दिखाते हैं।
Leave a comment