‘ये दौर अनिश्चितताओं का है’, मालदीव के विदेश मंत्री से मिलने के बाद बोले जयशंकर

‘ये दौर अनिश्चितताओं का है’, मालदीव के विदेश मंत्री से मिलने के बाद बोले जयशंकर

India-Maldives Row: मालदीव के विदेश मंत्री मूसा जमीर फिलहाल भारत के पहले आधिकारिक दौरे पर हैं। वो देश की राजधानी नई दिल्ली पहुंचे हैं। देश की राजधानी पहुंचकर उन्होंने विदेश मंत्री एस जयशंकर से मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान एस. जयशंकर ने कहा कि भारत और मालदीव करीबी पड़ोसी हैं। हमारे संबंधों का विकास हमारे आपसी हितों के आधार पर हुआ है।

विदेश मंत्री ने कहा, जहां तक भारत का सवाल है, हम हमारी 'नेबरहुड फर्स्ट पॉलिसी' और SAGAR पॉलिसी को लेकर प्रतिबद्ध हैं। मुझे उम्मीद है कि आज की हमारी बैठक से विभिन्न क्षेत्रों में हमारे दृष्टिकोण को और मजबूती मिलेगी। उन्होंने आगे कहा, मालदीव की विकास यात्रा में भारत अहम साझेदार रहा है। हमारे प्रोजेक्ट्स से आपके देश के लोगों को लाभ हुआ है, मालदीव में लोगों के जीवन की गुणवत्ता में सुधार हुआ है। इन्फ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं से लेकर सोशल इनिशिएटिव और हेल्थ सुविधाओं तक में भारत ने मालदीव की मदद की है।

दुनिया उथल-पुथल भरे दौर से गुजर रही

एस जयशंकर ने कहा, आज दुनिया बड़े उथल-पुथल भरे दौर से गुजर रही है। ये दौर अनिश्चितताओं का है। ऐसे समय में पड़ोसियों के साथ निकट साझेदारी का बहुत महत्व है। आज की हमारी बैठक में विभिन्न आयामों पर हमारे संबंधों की समीक्षा की जाएगी। ये हम सभी के हित में है कि हमारे बीच एक समझ बने कि आखिर दोनों देशों के संबंध किस तरह से आगे बढ़ेंगे।

भारत अपने अधिकांश सैन्यकर्मियों को वापस बुलाया

बताते चलें, ये मालदीव के विदेश मंत्री मूसा जमीर का पहला भारत का आधिकारिक दौरा है। ये दौरा ऐसे समय पर हो रहा है जब कुछ दिन पहले ही मालदीव ने भारतीय पर्यटकों से ज्यादा से ज्यादा संख्या में मालदीव आने की अपील की थी। वहीं भारत और मालदीव के बीच विवाद बढ़ने पर भारत पहले ही अपने अधिकांश सैन्यकर्मियों को वापस बुला चुका है। दूसरी तरफ मुइज्जू ने अपने देश से सभी भारतीय सैनिकों के बाहर निकलने की समय सीमा 10 मई तक दी थी।

Leave a comment