बिहार के शिक्षा मंत्री चंद्रशेखर के फिर बिगड़े बोल, बोले- ‘रामचरितमानस में पोटेशियम साइनाइड है’

बिहार के शिक्षा मंत्री चंद्रशेखर के फिर बिगड़े बोल, बोले- ‘रामचरितमानस में पोटेशियम साइनाइड है’

Potassium Cyanide In Ramcharitmanasबिहार के शिक्षा मंत्री डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने गुरुवार को फिर विवादित बयान दिया है। हिंदी दिवस पर बिहार हिंदी ग्रंथ अकादमी में कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि रामचरितमानस में पोटेशियम साइनाइड है, जब तक यह रहेगा हम इसका विरोध करते रहेंगे।

शिक्षा मंत्री ने एक चौपाई 'पूजहि विप्रा सकल गुण हीना, शूद्र न पूजहु वेद प्रवीना' पढ़कर सवालिया लहजे में पूछा कि यह क्या है? क्या यह जाति के बारे में कुछ ग़लत नहीं कहता? शिक्षा मंत्री चन्द्रशेखर ने रामचरितमानस के सुंदर कांड को लेकर पिछली बार दिए गए बयान का जिक्र करते हुए कहा कि अगर उनकी जीभ काटने की कीमत लगाई गई तो मेरे गले की कीमत क्या होगी?

शिक्षा मंत्री ने कहा- इन लोगों ने विरोध भी किया था

शिक्षा मंत्री यहीं नहीं रुके, उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि इन बातों का विरोध डॉ. राम मनोहर लोहिया और नागार्जुन ने भी किया था। एकलव्य का अंगूठा काट दिया गया। आप लोग जगदेव प्रसाद को गोली मारने का कारण गूगल करके देखिये, आपको पता चल जायेगा कि मैं किस बात का विरोध कर रहा हूं।

शिक्षा मंत्री के बयान पर भड़की BJP!

शिक्षा मंत्री चन्द्रशेखर के बयान पर बीजेपी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। BJPके राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. अजय आलोक ने शिक्षा मंत्री चन्द्रशेखर पर सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने यह भी कहा कि अगर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को भी रामचरितमानस में पोटैशियम साइनाइड दिखता है तो आपको भी इसका स्वाद चखना चाहिए।

आपको बता दें कि, इससे पहले भी शिक्षा मंत्री चंद्रशेखर कई बार रामचरितमानस को लेकर बयान देकर विवादों में रह चुके हैं। एक बार फिर उन्होंने बयान देकर साबित कर दिया है कि वह अपनी जगह पर कायम हैं। पिछली बार भी बीजेपी ने कड़ी कार्रवाई की मांग की थी लेकिन कुछ नहीं किया गया।

Leave a comment