
Haryana Crime: हरियाणा में एक अंतरराज्यीय ठगी गिरोह का खुलासा हुआ है, जो ड्रैगन सांप जैसे दुर्लभ जानवरों के नाम पर लोगों से लाखों रुपये ऐंठता था। यह गिरोह सिर्फ हरियाणा में नहीं, बल्कि कई अन्य राज्यों में भी सक्रिय था। गिरोह के सदस्य भोले-भाले लोगों को बड़े मुनाफे का लालच देकर ठगी करते थे।
पुलिस के मुताबिक, गिरोह के सदस्य पहले लोगों से बातचीत करते थे। फिर वे उन्हें ड्रैगन सांप जैसी दिखने वाली कोई चीज दिखाते थे। इस सांप को वे अंतरराष्ट्रीय बाजार में करोड़ों रुपये की कीमत वाला बताते थे। इसके बाद, वे नकली सांप को असली बताकर लोगों से बड़ी रकम वसूल कर लेते थे।
यमुनानगर में व्यापारी से 35लाख की ठगी
हाल ही में यमुनानगर में इस गिरोह ने एक व्यापारी को ड्रैगन सांप के जरिए करोड़ों रुपये कमाने का झांसा दिया। व्यापारी इनके झांसे में आकर 35लाख रुपये गंवा बैठा। यह घटना गिरोह की ठगी के अनोंखे तरीके को उजागर कर रही है, जिसमें लोग बड़े मुनाफे के चक्कर में भारी रकम खो बैठते हैं।
यह गिरोह केवल यमुनानगर में ही सक्रिय नहीं था। इसके शिकार अंबाला, लुधियाना, चंडीगढ़, राजस्थान और उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों में भी हुए हैं। गिरोह ने कभी सांपों को जादुई शक्तियों वाला बताया, तो कभी सांप के जरिए कैंसर का इलाज करने का दावा किया।
पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया
यमुनानगर पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोपियों में मुरसलीन, हरप्रीत और दो अन्य लोग शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले की जांच के लिए बैंक रिकॉर्ड भी मंगवाए गए हैं।पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे इस तरह के धोखाधड़ी के मामलों से सतर्क रहें।
Leave a comment