HARYANA NEWS: 30 जून को हरियाणा में आएंगी सुनीता केजरीवाल, विधानसभा चुनाव का करेंगी आगाज- डॉ सुशील गुप्ता

HARYANA NEWS: 30 जून को हरियाणा में आएंगी सुनीता केजरीवाल, विधानसभा चुनाव का करेंगी आगाज- डॉ सुशील गुप्ता

जींद: आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सुशील गुप्ता ने जींद के आम आदमी पार्टी के प्रदेश कार्यालय से प्रेसवार्ता की। उनके साथ संगठन मंत्री राजेंद्र शर्मा, रणदीप राणा, अश्वनी दुल्हेडा, आदर्शपाल सिंह, रविंद्र मटरु और महिला प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रजनीश जैन मौजूद रहे।उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी के सभी लोकसभा अध्यक्ष और सभी जिलाध्यक्षों के साथ मीटिंग हुई। 

इस मीटिंग में तय किया गया कि 30 जून को हरियाणा में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की धर्मपत्नी सुनीता केजरीवाल को बुलाया गया है। 30 जून को हरियाणा में सुनीता केजरीवाल आएंगी और विधानसभा चुनाव का आगाज करेंगी। पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ चर्चा के बाद रैली का स्थान निर्धारित किया जाएगा। आम आदमी पार्टी बूथ स्तर तक अपने संगठन को मजबूत कर रही है और एक एक कार्यकर्ता से मिल रही है।

उन्होंने कहा कि आगामी तीन दिन के अंदर हमारे सभी संगठन मंत्री हरियाणा के सभी 22 जिलों में मीटिंग करेंगे और आगामी एक सप्ताह में सभी  90 विधानसभाओं में मीटिंग करेंगे, कार्यकर्ताओं से मिलेंगे और गांव गांव जाएंगे। आम आदमी पार्टी ने जो बेहतरीन कार्य दिल्ली और पंजाब में किए उनसे लोगों को अवगत कराएंगे। इस राज्यस्तरीय मीटिंग के लिए लोगों को निमंत्रण देंगे और हरियाणा की जो बदहाल व्यवस्था है चाहे शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पानी, अपराध, भ्रष्टाचार और चाहे नशे का हो इसके बारे में लोगों को अवगत कराएंगे।

आम आदमी पार्टी की सभी 90 सीटों पर मजबूत तैयारी है- सुशील गुप्ता

सुशील गुप्ता ने कहा कि लोकसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन ने अच्छा किया, जिस कारण कई सीटों पर बहुत वोटों से हारे। अब विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी की सभी 90 सीटों पर मजबूत तैयारी है। उन्होंने कहा कि अखबार में पारदर्शी सुशासन के प्रभावी कदम दिखाए जा रहे हैं। जिसमें 5 करोड़ रुपए तक के काम गिनाए जा रहे हैं। ये बहुत छोटे छोटे काम हैं, लेकिन लोगों को झुनझुना पकड़ाने के लिए अखबार में दिखाए गए हैं। इसमें कुल 66 काम दिखाए गए हैं, परंतु इनमें से केवल 7 कामों की तारीख चुनाव से पहले की रखी गई है।

बिजली के लिए तरस रहे हैं लोग- गुप्ता

उन्होंने कहा कि इस भीषण गर्मी में लोग बिजली के लिए तरस रहे हैं। न बिजली आ रही है न पानी, लोग सड़कों पर उतरने को मजबूर हैं। जींद की कॉलोनियों और गांवों में दिन और रात लंबे लंबे कट लग रहे हैं। जिसको लेकर जनता में हाहाकार मचा हुआ है। प्रदेश में लू की वजह से पारा उफान पर है। हालात ये हैं कि गांव में दिन भर लाइट नहीं आती और रात को बस 2 घंटे के लिए ही बिजली सप्लाई दे रहे हैं। बिजली समस्या से पूरा हरियाणा परेशान है।

Leave a comment