
Pathaan: हरियाणा के फ़रीदाबाद में पठान मूवी के विरोध में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने आज सैक्टर 37 इलाके में स्थित क्राउन इंटीरियर माल के Inox मल्टिप्लेक्स में तोड़फोड़ जमकर तोड़फोड़ की। बता दें कि पुलिस की मौजूदगी के बावजूद प्रदर्शनकारी बेखौफ तोड़फोड़ करते रहे और मौके पर मौजूद पुलिस मूकदर्शक बनकर देखती रही। तोड़फोड़ की इस घटना के बाद फरीदाबाद के सभी मल्टीप्लेक्सेस में पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है।
यह मॉल फरीदाबाद के सेक्टर 37 क्रॉउन इंटीरियर्ज में स्थित है। जहां आईनॉक्स मल्टीप्लेक्स में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने जमकर तोड़फोड़ की। बजरंग दल कार्यकर्ता मॉल के मेन गेट से होते हुए चौथी मंजिल पर स्थित आईनॉक्स मल्टीप्लेक्स पहुंच गए और उन्हें वहां जो भी कांच का समान दिखाई दिया उसे तोड़ डाला। इसके साथ ही उन्होंने मल्टीप्लेक्स में चल रहे पठान मूवी के शो को भी रुकवा दिया और वहां शो देख रहे लोगों को वहां से भगा दिया। इस पूरी घटना के दौरान फरीदाबाद पुलिस मूकदर्शक बनी रही और किसी भी कार्यकर्ता को रोकने की जहमत नहीं उठाई।
आपको बता दें कि गुरुवार को गणतंत्र दिवस के चलते फरीदाबाद पुलिस खुद को पहले ही अलर्ट मोड पर बता रही थी लेकिन इस घटना ने पुलिस की सतर्कता के सारे दावों की पोल खोल दी। इस घटना में पुलिस का खुफिया विभाग भी पूरी तरह फेल नजर आया। हालांकि इस घटना की सूचना के बाद आनन-फानन में शहर के बाकी मल्टीप्लेक्सेस में सुरक्षा बढ़ा दी गई और आला अधिकारियों को मौके का मुआयना करने के लिए भेजा जाने लगा। इस दौरान पुलिस से बेखौफ कार्यकर्ता धमकी देते भी दिखाई दिए जिसमें उन्होंने कहा कि अगर लोग पठान मूवी देखने जाएंगे तो वह फिर से इस तरह की हरकत को अंजाम देंगे।
Leave a comment