
Bijapur Journalist Murder Case: बीजापुर पुलिस ने पत्रकार मुकेश चंद्राकर हत्याकांड में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मुख्य आरोपी ठेकेदार रितेश चंद्राकर को दिल्ली से पकड़ा गया। पुलिस की टीम आरोपी को बीजापुर लेकर आई है और उससे पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की संभावना है। फिलहाल, सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस जांच से यह पता चला है कि मुकेश चंद्राकर की हत्या कुल्हाड़ी या अन्य धारदार हथियार से की गई थी। उनके सिर पर गहरे घाव के निशान मिले हैं। पुलिस ने कहा कि दोषियों को जल्द से जल्द सजा दिलाई जाएगी।
सियासत गरमाई, कांग्रेस और बीजेपी आमने-सामने
यह हत्याकांड छत्तीसगढ़ की राजनीति में उबाल ला रहा है। कांग्रेस ने इसे "जंगलराज" का उदाहरण बताते हुए राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। बीजेपी ने कांग्रेस पर पलटवार करते हुए इसे सत्ताधारी दल की जिम्मेदारी बताया है।
कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि मुकेश चंद्राकर ने सड़क निर्माण में भ्रष्टाचार का खुलासा किया था। इससे नाराज ठेकेदार ने उनकी हत्या कर दी। कांग्रेस ने इसे कानून-व्यवस्था की विफलता बताया और कहा कि बीजेपी शासन में कोई भी सुरक्षित नहीं है।
बीजेपी का पलटवार: कांग्रेस पर लगाए गंभीर आरोप
बीजेपी ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज और ठेकेदार सुरेश चंद्राकर की फोटो साझा करते हुए आरोप लगाया कि मुख्य आरोपी सुरेश चंद्राकर कांग्रेस का करीबी है। बीजेपी ने कहा कि सुरेश को कांग्रेस ने एससी मोर्चा का सचिव बनाया था और हत्या के लिए कांग्रेस जिम्मेदार है।
अपराधियों को नहीं बख्शा जाएगा-मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस हत्याकांड पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने कहा, "मुकेश चंद्राकर की हत्या पत्रकारिता और समाज के लिए एक अपूरणीय क्षति है। दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी सजा दी जाएगी।"
परिजनों ने दर्ज कराई थी गुमशुदगी की रिपोर्ट
मुकेश चंद्राकर 1जनवरी की रात से लापता थे। उनके परिजनों ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से ठेकेदार के घर के सेप्टिक टैंक को तोड़कर शव बरामद किया। एफएसएल की टीम मौके पर जांच कर रही है।
यह हत्याकांड न सिर्फ राज्य की राजनीति बल्कि आम जनता में भी हलचल मचा रहा है। पुलिस की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं। लोग चाहते हैं कि दोषियों को सजा दिलाई जाए।
Leave a comment