टाटा संस के पूर्व चेयरमैन साइरस मिस्त्री की कार दुर्घटना में हुई मौत, जांच में जुटी पुलिस

टाटा संस के पूर्व चेयरमैन साइरस मिस्त्री की कार दुर्घटना में हुई मौत, जांच में जुटी पुलिस

नई दिल्लीटाटा संस के पूर्व चेयरमैन साइरस मिस्त्री की रविवार को महाराष्ट्र के पालघर जिले में उनकी कार के डिवाइडर से टकरा जाने से सड़क दुर्घटना में मौत हो गई है।खबरों के मुताबिक, मिस्त्री मर्सिडीज कार में अहमदाबाद से मुंबई जा रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। पुलिस हादसे की जांच में जुट गई है।

पुलिस अधिकारी ने कहा, "दुर्घटना दोपहर करीब 3.15 बजे हुई है।जब मिस्त्री अहमदाबाद से मुंबई जा रहे थे। दुर्घटना सूर्य नदी पर एक पुल पर हुई। यह एक दुर्घटना प्रतीत होती है।" दुर्घटना में कार चालक समेत उसके साथ यात्रा कर रहे अन्य दो लोग घायल हो गए। सभी घायलों को गुजरात के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

इसी साल जून में पिता का निधन हुआ था

इसी साल 28 जून को साइरस के पिता और बिजनेस टाइकून पालोनजी मिस्त्री (93) का निधन हुआ था। साइरस और उनके पिता के निधन के बाद उनके परिवार में उनकी मां पाट्सी पेरिन डुबास, शापूर मिस्त्री के अलावा दो बहनें लैला मिस्त्री और अलू मिस्त्री रह गई हैं।

टाटा ग्रुप के छठे ग्रुप चेयरमैन थे साइरस

दिसंबर 2012 को रतन टाटा ने टाटा सन्स के चेयरमैन पद से रिटायरमेंट ले लिया था। उसके बाद सायरस मिस्त्री को टाटा सन्स का चेयरमैन बनाया गया। मिस्त्री टाटा सन्स के सबसे युवा चेयरमैन थे। मिस्त्री परिवार की टाटा सन्स में 18.4% की हिस्सेदारी है। वो टाटा ट्रस्ट के बाद टाटा सन्स में दूसरे बड़े शेयर होल्डर्स हैं।

24अक्टूबर 2016को पद से हटाए गए थे

हालांकि चार साल के अंदर ही 24अक्टूबर 2016को टाटा सन्स ने उन्हें चेयरमैन पद से हटा दिया था। उनकी जगह रतन टाटा को अंतरिम चेयरमैन बनाया गया था। इसके बाद 12जनवरी 2017को एन चंद्रशेखरन टाटा सन्स के चेयरमैन बनाए गए थे।इस विवाद को लेकर टाटा सन्स का कहना था कि मिस्त्री के कामकाज का तरीका टाटा सन्स के काम करने के तरीके से मेल नहीं खा रहा था। इसी वजह से बोर्ड के सदस्यों का मिस्त्री पर से भरोसा उठ गया था। टाटा के 150 साल से भी ज्यादा समय के इतिहास में साइरस मिस्त्री छठे ग्रुप चेयरमैन थे।

Leave a comment