भोपाल में ईद के दौरान विरोध! काली पट्टी बांधकर अदा की गई नमाज, सामने आई वजह

Bhopal: देश में धूमधाम से ईद-उल-फितर मनाई जा रही है। देश के हर कोने से हर्ष और उल्लास की तस्वीरें सामने आ रही हैं। हालांकि, इस बीच मध्य प्रदेश के भोपाल से भी कुछ तस्वीरें सामने आईं जहां नमाजी अपनी बांहों पर काली पट्टियां बांधे हुए दिखाई दिए। दरअसल, मध्य प्रदेश के भोपाल में वक्फ बोर्ड संशोधन विधेयक के विरोध में ही नमाजियों ने ये काली पट्टियां बांधी हुई हैं। ईदगाह तक नमाज पढ़ने जाने के दौरान बच्चों से लेकर बूढ़ों तक की बांहों पर ये काली पट्टी दिखाई दी। सोशल मीडिया पर भी इस विरोध के कई वीडियो वायरल हो रहे हैं। अहम ये है कि वक्फ बोर्ड संशोधन विधेयक के विरोध के लिए ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड ने ही आह्वान किया था। बता दें रमजान की आखिरी नमाज के दौरान भी ऐसा ही विरोध देखने को मिला था।
अलविदा जुमा में भी दिखा था विरोध
भोपाल में बीते शुक्रवार को अलविदा जुमा के दौरान भी वक्फ बोर्ड संशोधन विधेयक का विरोध देखने को मिला था। कई मौकों पर इस्लामिक संगठन इस बिल का विरोध करते हुए नजर आए हैं। अलविदा जुमा के दौरान हाथों में काली पट्टी और प्रोटेक्ट फिलिस्तीन के बैनर-पोस्टर भी देखने को मिले थे। ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड ने कहा, 'इस बिल के पारित होने के बाद से उनके हाथ से मस्जिद, दरगाह, मदरसे, कब्रिस्तान और कई अन्य संस्थान चले जाएंगे।
क्या है वक्फ (संशोधन) विधेयक?
वक्फ (संशोधन) विधेयक, 2024 का उद्देश्य वक्फ अधिनियम 1995 में संशोधन करना है, जो भारत में वक्फ संपत्तियों के प्रबंधन को नियंत्रित करता आया है। 8 अगस्त, 2024 को लोकसभा में इस बिल को पेश को किया गया. इस विधेयक के जरिए मौजूदा ढांचे में महत्वपूर्ण बदलाव करते हुए वक्फ प्रशासन में जवाबदेही और पारदर्शिता बढ़ाने का प्रयास किया गया है. कई राजनीतक दल भी लगातार इस विधेयक का विरोध करते रहे हैं और इसे मुस्लिम विरोधी बताते रहे हैं।
Leave a comment