‘महिलाओं के साथ अत्याचार हो रहे’, चुनाव के बीच सोनिया गांधी का बड़ा हमला

‘महिलाओं के साथ अत्याचार हो रहे’, चुनाव के बीच सोनिया गांधी का बड़ा हमला

Lok Sabha Election 2024: लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण के मतदान के बीच कांग्रेस पार्टी की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने एक वीडियो संदेश जारी किया जिसमें उन्होंने भाजपा और पीएम मोदी पर जमकर निशाना साधा। सोनिया गांधी ने कहा, आज देश के हर कोने में युवा को बेरोजगारी का सामना करना पड़ रहा है। महिलाओं के साथ अत्याचार हो रहे हैं। दलित, आदिवासी पिछड़े और माइनॉरिटी को भयंकर भेदभाव झेलना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा, देश में ऐसा माहौल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी की नीतियों की वजह से है। इनका ध्यान किसी भी कीमत पर सिर्फ सत्ता हासिल करने के पीछे हैं। राजनीतिक लाभ के लिए नफरत को बढ़ावा दिया जा रहा है। कांग्रेस पार्टी और मैंने हमेशा से सभी की तरक्की और वंचितों को न्याय दिलाने के साथ ही देश को मजबूत करने के लिए संघर्ष किया है।

न्याय पत्र का किया जिक्र

पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, हमारा न्याय पत्र और हमारी गारंटियों का मकसद देश को एकजुट रखना और गरीबों, महिलाओं, किसानों, श्रमिकों और वंचित समुदायों को ताकत देना है। कांग्रेस और इंडिया गठबंधन संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए समर्पित है। सभी के उज्जवल भविष्य के लिए कांग्रेस को वोट दें और साथ मिलकर मजबूत और एकजुट भारत बनाएं।

तीसरे चरण के चुनाव के बीच आया संदेश

बता दें, सोनिया गांधी का वीडियो संदेश देश में जारी तीसरे चरण के चुनाव के बीच आया। देश में 11 राज्यों के 93 सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं। इस बार लोकसभा चुनाव 7 चरणों में हो रहे हैं। आखिरी चरण के 1 जून को वोटिंग होगी तो वहीं 4 जून को नतीजे सामने आएंगे।

Leave a comment