
रेवाड़ी: हरियाणा के रेवाड़ी में जननायक जनता पार्टी के प्रधान महासचिव दिग्विजय सिंह चौटाला ने इनेलो की पदयात्रा को टाइमपास यात्रा बताया और कहा कि इनेलो नेता अभय चौटाला अपना वजन घटाने के लिए यह यात्रा कर रहे हैं और वैसे भी अभय चौटाला जनता के बीच एक्सपोज हो चुके हैं। जिन को साथ लेकर अभय चौटाला फोटो खींचवाते हैं, वह लोग बाद में मुकर जाते हैं।
दिग्विजय चौटाला आज रेवाड़ी की जाट धर्मशाला में छात्रों से संवाद के बहाने प्रत्यक्ष रूप से छात्र संघ चुनाव की मांग को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचे थे। रेवाड़ी पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं और युवाओं ने बड़ी ही गर्मजोशी के साथ दिग्विजय चौटाला का फूलमालाओ और पगड़ी के साथ जोरदार स्वागत किया। इस मौके पर पत्रकारों से बातचीत में 2024में विधानसभा चुनाव अलग या मिलकर लड़ने के सवाल पर दिग्विजय चौटाला ने कहा कि मौजूदा गठबंधन तो 5साल का है। अगली बार चुनाव मिलकर या अलग लड़ने का फैसला दोनों दलों के शीर्ष नेता ही लेंगे।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा पर निशाना साधते हुए दिग्विजय चौटाला ने कहा कि 2019के विधानसभा चुनाव में 10सीट मिलने के बाद ₹5100पेंशन और उद्योगों में स्थानीय युवाओं को 75फीसदी आरक्षण देने सहित पांच मांगे मानने वाली पार्टी को समर्थन देने का ऐलान किया था। इन मुद्दों के साथ पूरी कांग्रेस जेजेपी के साथ गठबंधन करने के लिए तैयार थी, लेकिन अकेले भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने इसका विरोध किया था। इसके बाद जब बीजेपी ने हमारे मुद्दों को पूरा करने का आश्वासन दिया तो उसके बाद ही यह गठबंधन हो पाया था। फिर भी ₹5100पेंशन देने के लिए हम लगातार प्रयासरत हैं। इस बार पेंशन अगर ₹5000नहीं कर पाए तो चुनाव में इसके लिए जनता से मैंडेट मांगेंगे।
वही अपनी सरकार को नसीहत देते हुए दिग्विजय चौटाला ने कहा कि सरकार को सरपंचों की मांग पर विचार करना चाहिए। मैं खुद सरपंचों के साथ खड़ा हूं। ई टेंडरिंग की लिमिट कम से कम 40से ₹50लाख जरूरी है।कार्यक्रम के दौरान इनसो के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रदीप देशवाल, जेजेपी के वरिष्ठ नेता श्यामसुंदर सभरवाल, अभिमन्यु राव, इनसो के प्रदेश प्रभारी रवि मसीत, जेजेपी के जिलाध्यक्ष विजय पंच सहित जेजेपी और इनसो के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी और भारी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Leave a comment