Farmers Protest: देश के कई राज्यों के किसान एक बार फिर सड़कों पर उतर आए हैं। बीते चार दिनों से किसान बॉर्डर पर डटे हुए हैं। इस साल लोकसभा चुनाव होने वाले हैं ऐसे में लोकसभा चुनाव से पहले किसानों का ये आंदोलन किस तरह से चुनाव पर असर डालेगा? अबकी बार, NDA सरकार, 400 पार! का बीजेपी का टारगेट किसान आंदोलन के चलते चिंता का सबब बना हुआ है। दिसंबर 2023 में भले ही भाजपा की तीन विधानसभाओं की ने पार्टी के आत्मविश्वास को बढ़ाया हो लेकिन अब जब लोकसभा चुनाव होने में कुछ ही महीने बचे हैं तो उससे पहले इस तरह का विरोध प्रदर्शन पार्टी के लिए बड़ी चुनौती साबित हो रहा है। दरअसल, जो विरोध प्रदर्शन हो रहा है उसके किसान मुख्य रूप से पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश से आते हैं। हिंदी बेल्ट में पड़ने वाले इन तीन राज्यों में लोकसभा की कुल 103 सीटें हैं।
कैसे आंदोलन डालेगा प्रभाव ?
सबसे पहले बात करते हैं पंजाब की। पंजाब में लोकसभा की कुल 13 सीटें हैं। अगर किसानों का विरोध बढ़ा तो यहां बीजेपी को दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है ऐसे में पंजाब का वोट बैंक आम आदमी पार्टी (AAP) या कांग्रेस के हाथ में चला जाएगा।
बात करें हरियाणा की तो हरियाणा में भी बीजेपी का पिछले चुनाव जैसा प्रदर्शन दोहराना मुश्किल होगा। दरअसल, पिछले चुनाव यानी 2019 के चुनाव में बीजेपी ने राज्य की सभी 10 लोकसभा सीटों पर जीत हासिल की थी।
अब चलिए बात करें उस प्रदेश की जहां से लोकसभा की सबसे ज्यादा सीटें आती हैं हम बात कर रहे हैं उत्तर प्रदेश की ऐसा कहा जाता है कि दिल्ली की गद्दी का रास्ता यूपी से होकर जाता है। दरअसल, किसानों के विरोध प्रदर्शन में उत्तर प्रदेश से भी भागीदारी देखी गई है। ऐसे में बीजेपी को पश्चिमी यूपी की सीटों पर परेशानी हो सकती है। राज्य लोकसभा में 80 सदस्य भेजता है। बीजेपी ने 2014 में यहां से 72 और 2019 के आम चुनाव में 62 सीटें जीती थीं। ऐसे में ये आंदोलन भाजपा पर काफी भारी पड़ सकता है।
कूटनीति के कौशल की परीक्षा है आंदोलन
ये आंदोलन केंद्र सरकार और बीजेपी के कूटनीति के कौशल की परीक्षा है। उन्हें ये सुनिश्चित करना होगा कि किसान आगे न बढ़ें। किसानों का 'दिल्ली चलो' मार्च विपक्षी दलों के INDIA को भी एक मौका दे रहा है कि वह जनता के दिल में अपनी अलग जगह बना सके। अब ये तो जनता के हाथ में ही है कि जनता लोकसभा चुनाव में क्या फैसला लेती है और ये आंदोलन क्या असर डालता है
Leave a comment