Haryana News: हरियाणा के पानीपत के बापोली ब्लॉक के खोजसीपुर गांव निवासी संदीप ओमकार अब बॉलीवुड में अपनी पहचान बनाने जा रहे हैं। स्कूल के दिनों में नाटक और जागरण में माता के भजन गाने का शौक रखने वाले संदीप अब फिल्म ‘नवगुंजरा’ में नजर आएंगे। यह फिल्म 15 मई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी और इसका पोस्टर भी जारी हो चुका है। संदीप की यह यात्रा आसान नहीं रही। उनके पिता ओमकार रावल चाहते थे कि वे पढ़ाई पूरी कर एक अच्छी नौकरी करें, लेकिन बचपन से ही अभिनय का शौक उन्हें इस दिशा में खींचता रहा। संदीप ने साल 2009 में सोनीपत से इलेक्ट्रिकल ट्रेड की पढ़ाई पूरी की और इसके बाद काम के लिए रुद्रपुर, उत्तराखंड चले गए।
वेबसीरीज में मिला मौका
यहीं उनकी मुलाकात फिल्म निर्देशक अमित दीक्षित से हुई। उस समय अमित वेबसीरीज ‘लवकथा’ बना रहे थे, जिसमें संदीप को काम करने का मौका मिला। इस वेबसीरीज में उन्होंने ‘पन्नू’ का किरदार निभाया, जिसे काफी पसंद किया गया। इसके बाद संदीप ने पीछे मुड़कर नहीं देखा। उन्होंने कई एडवरटाइजमेंट और म्यूजिक वीडियो में काम किया। साल 2021 में अपने सपनों को पूरा करने के लिए वे मुंबई पहुंचे और वहां अनुभव दीक्षित थिएटर ग्रुप के साथ जुड़कर थिएटर किया।
तारक मेहता का उल्टा चश्मा में भी संदीप ने बनाई अपनी जगह
संदीप को फिल्मों में भी मौके मिलने लगे। उन्होंने अनुराग कश्यप की फिल्म ‘कैनेडी’ में कैंडिस ड्राइवर शंभू का किरदार निभाया। इसके अलावा वे वेबसीरीज ‘हंटर’ में सुनील शेट्टी के साथ नजर आए। टीवी के लोकप्रिय शो तारक मेहता का उल्टा चश्मा में भी उन्होंने अभिनय किया है। अब संदीप अपनी आने वाली फिल्म ‘नवगुंजरा’ को लेकर काफी उत्साहित हैं। इस फिल्म में वे एक सीरियल किलर की भूमिका निभा रहे हैं। उनके अनुसार यह फिल्म रोमांच और सस्पेंस से भरपूर है। संदीप की कहानी यह दिखाती है कि अगर लगन और मेहनत हो तो छोटे गांव से निकलकर भी बड़े सपने पूरे किए जा सकते हैं।