KhabarFast

HARYANA NEWS: पानीपत में भीषण आग धागा फैक्ट्री का गोदाम खाक, करोड़ों का नुकसान

Parth Jha | 05 May, 2026

Panipat Fire: हरियाणा की औद्योगिक नगरी पानीपत में आगजनी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामले में रिसालू रोड स्थित एक फैक्ट्री में लगी भीषण आग ने भारी तबाही मचा दी। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और फैक्ट्री से उठता धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देता रहा।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, लेकिन स्थानीय लोगों का कहना है कि आग पर काबू पाने में अपेक्षा से अधिक समय लगा, जिससे नुकसान और बढ़ गया। आग की चपेट में आकर फैक्ट्री का धागा गोदाम पूरी तरह जलकर राख हो गया और उसमें रखा सारा माल नष्ट हो गया। गोदाम का हिस्सा भी आग के कारण ढह गया। दमकल अधिकारी अमित कुमार ने बताया कि रात करीब 2 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। इसके तुरंत बाद सेक्टर-25 फायर स्टेशन से गाड़ियां रवाना की गईं। आग की गंभीरता को देखते हुए रेड लाइट, हाली पार्क, समालखा सहित अन्य फायर स्टेशनों से भी अतिरिक्त गाड़ियां मौके पर बुलाई गईं। उन्होंने बताया कि आग धागा गोदाम और फैक्ट्री दोनों में लगी थी, जिसके चलते हालात काफी गंभीर हो गए थे।

Also read: Haryana News: हांसी में ऑनलाइन ठगी की कोशिश नाकाम, दुकानदारों ने ठगों को दबोचा

शॉर्ट सर्किट से भड़की आग

आग के कारण गोदाम में रखा धागे का पूरा स्टॉक जलकर नष्ट हो गया, जबकि बिल्डिंग का गोदाम वाला हिस्सा भी क्षतिग्रस्त होकर गिर गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि दमकल कर्मियों ने फैक्ट्री के ऑफिस ब्लॉक, लेबर क्वार्टर और महंगी मशीनरी को सुरक्षित बचा लिया। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आंधी-तूफान के कारण क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई थी। बिजली बहाल होने के बाद शॉर्ट सर्किट से आग भड़क गई। फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और आगे की जांच जारी है।