Noida Youth Suicide: नोएडा की सबसे ऊंची इमारतों में शामिल सुपरनोवा बिल्डिंग से एक शख्स के कूदने का मामला सामने आया है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, शख्स ने बिल्डिंग की 43वीं मंजिल से छलांग लगाई। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुछ लोग उसे बचाने की कोशिश करते दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि शख्स ने एक दिन पहले ही सुपरनोवा बिल्डिंग में कमरा बुक किया था। इसके बाद वह 43वीं मंजिल पर पहुंचा। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, जब वह नीचे कूदने की कोशिश कर रहा था, तभी वहां काम कर रहे एक एसी मैकेनिक ने उसे रोकने की कोशिश की।
वीडियो आया सामने
वीडियो में दिखाई दे रहा है कि कुछ लोग शख्स को ऊपर खींचने की कोशिश कर रहे हैं। लोग उसे पकड़ने का प्रयास करते हैं, लेकिन इसी दौरान शख्स अपना हाथ छुड़ा लेता है और नीचे छलांग लगा देता है। ऊंचाई से गिरने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
नहीं हो पाई मृतक की पहचान
फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि शख्स कौन था और उसने सुपरनोवा बिल्डिंग में कमरा क्यों बुक किया था। उसके इस कदम के पीछे क्या वजह थी, इसकी भी जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि घटना के दौरान नीचे मौजूद कुछ लोगों ने वीडियो भी बनाया। पुलिस अब सामने आए वीडियो और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस की ओर से मृतक की पहचान और घटना के कारण को लेकर कोई विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। मामले में आगे की जानकारी का इंतजार है।
Also read: UP Scholarship: 4.60 लाख छात्रों को छात्रवृत्ति और फीस के लिए मिली रकम, सीएम योगी ने शुरू की भुगतान प्रक्रिया