Brazil Flood: ब्राजील में बाढ़-बारिश से भारी तबाही, 75 लोगों की मौत, 100 से ज्यादा लापता

Brazil Flood: ब्राजील में बाढ़-बारिश से भारी तबाही, 75 लोगों की मौत, 100 से ज्यादा लापता

Brazil Flood: भारत का मित्र देश ब्राजील इस समय भीषण बाढ़ की चपेट में है। अल जजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक, ब्राजील में भीषण बाढ़ से मरने वालों की संख्या बढ़कर 75 हो गई है। वहीं, 100 से ज्यादा लोग लापता बताए जा रहे हैं। यह बाढ़ ब्राजील के दक्षिणी रियो ग्रांडे डो सुल राज्य में आई है, जिससे सामान्य जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। क्षेत्र के गवर्नर एडुआर्डो लेइट ने कहा कि हम जिस तबाही का सामना कर रहे हैं वह अभूतपूर्व है।

88,000से अधिक लोग हुए विस्थापित

ब्राजील के रियो ग्रांडे डो सुल राज्य में बाढ़ का कहर जारी है। स्थानीय प्रशासन के मुताबिक, भीषण बाढ़ के कारण 88,000 से ज्यादा लोग अपने घरों से विस्थापित हो गए हैं। लगभग 16,000 लोगों ने स्कूलों, जिमों और अन्य अस्थायी आश्रयों में शरण ली है। ब्राजील के राष्ट्रपति लूला डी सिल्वा ने भी अपने मंत्रियों के साथ हेलीकॉप्टर से बाढ़ प्रभावित इलाकों का सर्वेक्षण किया। लगातार बारिश के कारण क्षेत्र का संपर्क टूट गया है और बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान हुआ है। पीने के पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं तक पहुंच भी बाधित हो गई है।

मलबे के बीच रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

रिपोर्ट्स के मुताबिक, ब्राजील के बाढ़ प्रभावित इलाके में आपातकालीन सेवाएं ढहे हुए घरों, पुलों और सड़कों के मलबे में फंसे बचे लोगों को ढूंढने के लिए बचाव अभियान चला रही हैं। विनाशकारी बाढ़ से जूझ रहे राज्य के गवर्नर एडुआर्डो लेइट ने आपातकाल की स्थिति घोषित कर दी है। जानकारी के मुताबिक, रियो ग्रांडे डो सुल राज्य में जल स्तर में वृद्धि से बांधों पर दबाव पड़ रहा है और पोर्टो एलेग्रे महानगर को खतरा है।

मरने वालों की संख्या बढ़ने की आशंका

राज्य के राज्यपाल ने दुख व्यक्त करते हुए कहा कि बचाव प्रयास जारी रहने से मृतकों की संख्या और बढ़ने की आशंका है। उन्होंने कहा है कि हम इतिहास की सबसे भीषण आपदा से निपट रहे हैं। इसके अलावा राज्य की प्रमुख नदी गुआइबा के चिंताजनक स्तर पर पहुंचने की आशंका है, जिससे मौजूदा संकट और बढ़ेगा। इसको लेकर चेतावनी जारी की गई है।

Leave a comment