KhabarFast

पाकिस्तान के बलूचिस्तान में BLA का बड़ा हमला, निशाने पर 12 शहर और 10 पुलिसकर्मियों की मौत

Parth Jha | 31 Jan, 2026

BLA Attack In Balochistan: पाकिस्तान के दक्षिण-पश्चिमी प्रांत बालोचिस्तान में शनिवार तड़के बालोच लिबरेशन आर्मी (BLA) के लड़ाकों ने बड़े पैमाने पर हमले किए। जानकारी के अनुसार, इस हमले में कम से कम 10 सुरक्षाकर्मियों की मौत हो गई, जबकि 37 उग्रवादियों को मार गिराए जाने का दावा किया जा रहा है। ये हमले प्रांत की राजधानी क्वेटा सहित टर्बट, पंजगुर, ग्वादर, केच, मस्तुंग, कलात, नुशकी, खरान और बोलान जैसे 10-12 शहरों और जिलों में किए गए। अधिकारियों ने बताया कि उग्रवादियों ने पुलिस स्टेशनों, पैरामिलिट्री मुख्यालयों, जेलों और अन्य सुरक्षा प्रतिष्ठानों को निशाना बनाया, जिसमें बंदूकों और ग्रेनेडों का इस्तेमाल किया गया।

कहां-कैसे हुआ हमला?

बता दें, घटना की शुरुआत क्वेटा में सुबह करीब 6 बजे एक जोरदार विस्फोट से हुई। सरकारी सूत्रों ने बताया कि हमलावरों ने सरियाब रोड पर एक पुलिस वाहन को निशाना बनाया, जिसमें दो पुलिसकर्मियों की मौत हो गई। इसी तरह, नुशकी जिले में पैरामिलिट्री फोर्सेस के प्रांतीय मुख्यालय पर हमला करने की कोशिश की गई, लेकिन सुरक्षाबलों ने इसे नाकाम कर दिया। दलबंदिन और नुशकी में भी विस्फोट और गोलीबारी की खबरें आईं, जबकि मस्तुंग, ग्वादर, पासनी और टर्बट में समान हमले रिपोर्ट किए गए।

मोहसिन नकवी का बयान

पाकिस्तानी आंतरिक मंत्री मोहसिन नकवी ने एक बयान में कहा कि हमलों में 10 सुरक्षाकर्मी शहीद हुए, जबकि जवाबी कार्रवाई में 37 उग्रवादी मारे गए। उन्होंने इन हमलों को भारत समर्थित "फितना अल-हिंदुस्तान" का हिस्सा बताया, जो BLA और अन्य अलगाववादी समूहों के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला शब्द है। BLA ने इन हमलों की जिम्मेदारी ली है और दावा किया कि यह उनके ऑपरेशन हिरोफ का दूसरा चरण है।

प्रांतीय राजधानी क्वेटा में चार पुलिसकर्मियों की मौत की पुष्टि हुई है। सरकारी अधिकारियों ने कहा कि स्थिति नियंत्रण में है और सुरक्षाबलों ने त्वरित कार्रवाई की, जिसके परिणामस्वरूप कई हमलावरों को ढेर किया गया।